राधाकृष्णन ने बोलीविया के उपराष्ट्रपति से की मुलाकात, संबंधों को मजबूत करने पर हुई चर्चा

राधाकृष्णन ने बोलीविया के उपराष्ट्रपति से की मुलाकात, संबंधों को मजबूत करने पर हुई चर्चा


नई दिल्ली, 19 फरवरी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और बोलीविया के समकक्ष एडमंड लारा मोंटानो ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने सौर ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, डिजिटल तकनीक, उच्च शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। इस बातचीत का उद्देश्य भारत और बोलीविया के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाना था।

बैठक के बाद उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "बोलीविया के उपराष्ट्रपति एचई एडमंड लारा मोंटानो ने नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति भवन में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान मुलाकात की।"

पोस्ट में आगे कहा गया, "दोनों नेताओं ने भारत और बोलीविया के बीच लगातार मजबूत हो रहे द्विपक्षीय संबंधों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सौर ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, डिजिटलाइजेशन, उच्च शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। साथ ही, बहुपक्षीय और अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग मजबूत करने पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।"

मोंटानो मंगलवार को एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे, जहां केंद्रीय कोयला और खनन राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "बोलीविया के उपराष्ट्रपति कैप्टन एडमंड लारा का नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय कोयला और खनन राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यह भारत-बोलीविया के मैत्रीपूर्ण संबंधों में डिजिटल साझेदारी की नई शुरुआत है।"

पिछले नवंबर में विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने बोलीविया के राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज परेरा के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई थी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "मैंने बोलीविया के राष्ट्रपति के रूप में रोड्रिगो पाज परेरा के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रपति परेरा से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। भारत बोलीविया के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करने और साझा हितों पर मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।"

इससे पहले अक्टूबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड्रिगो पाज परेरा को बोलीविया के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर बधाई दी थी। 58 वर्षीय परेरा ने 19 अक्टूबर को बोलीविया में हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में जीत हासिल की थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "रोड्रिगो पाज परेरा को बोलीविया का राष्ट्रपति चुने जाने पर हार्दिक बधाई। भारत और बोलीविया के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हमारे पारस्परिक सहयोग की मजबूत नींव रहे हैं। आने वाले वर्षों में साझा प्रगति और समृद्धि के लिए हमारी साझेदारी को और मजबूत करने की आशा है।"
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top