टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे का तूफान! श्रीलंका को रौंदकर रचा इतिहास, लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी

टी20 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका को हराकर जिम्बाब्वे ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी


कोलंबो, 19 फरवरी। जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक और बड़ा उलटफेर किया है। गुरुवार को आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 38वें मैच में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 6 विकेट से शिकस्त दी। श्रीलंका से मिले 179 रनों के लक्ष्य को जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वर्ल्ड कप में एक और उलटफेर के साथ ही जिम्बाब्वे ने कई बड़े रिकॉर्ड्स भी बनाए हैं।

टी20 इंटरनेशनल में यह जिम्बाब्वे का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज है। इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में यह श्रीलंका के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा रन चेज भी है। जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में कुल 7 छक्के जमाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में टीम की ओर से एक पारी में लगाए गए सर्वाधिक छक्के भी हैं। टी20 वर्ल्ड कप में यह जिम्बाब्वे की फुल मेंबर देश के खिलाफ कुल पांचवीं जीत है। इससे पहले जिम्बाब्वे ने आयरलैंड,पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया को दो बार पटखनी दी है।

जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली और वह नाबाद लौटे। बेनेट टी20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे की ओर से अब सबसे ज्यादा 50 से अधिक रनों की पारी खेलने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सीन विलियम्स की बराबरी कर ली है। बेनेट और विलियम्स ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 12 बार फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया है।

कोलंबो में खेल गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 178 रन लगाए। टीम की तरफ से शानदार फॉर्म में चल रहे पथुम निसांका ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 62 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं, पवन रत्नायके ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए।

179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे को ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। मारुमानी 34 रन बनाकर आउट हुए। रयान बर्ल ने 12 गेंदों में 23 रन बनाए। हालांकि, कप्तान सिकंदर रजा ने बेनेट का अच्छा साथ निभाया और तीसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। रजा ने 26 गेंदों में 45 रन बनाए। वहीं, बेनेट 8 चौके की मदद से 63 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top