बुलंदशहर को बड़ी सौगात: 23 से 25 फरवरी तक लगेगा विशेष पासपोर्ट कैंप, गाजियाबाद के चक्कर खत्म

बुलंदशहर में तीन दिन लगेगा पासपोर्ट विशेष कैंप, 23 से 25 फरवरी तक मोबाइल वैन देगी सेवा


गाजियाबाद, 19 फरवरी। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद की ओर से जनपद बुलंदशहर के नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए विशेष पासपोर्ट कैंप आयोजित करने की घोषणा की गई है। इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को आमजन के और करीब लाना तथा बढ़ती मांग को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।

कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी से 25 फरवरी तक बुलंदशहर शहर स्थित मुख्य डाकघर कार्यालय, अंसारी रोड, ओल्ड जेल के पीछे (पिन कोड-203001) में पासपोर्ट मोबाइल वैन तैनात की जाएगी। इस दौरान पासपोर्ट से संबंधित विभिन्न सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आवेदकों को गाजियाबाद या अन्य शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने बताया कि यह विशेष अभियान विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय का उद्देश्य है कि नागरिकों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। विशेष रूप से ऐसे जिलों में, जहां पासपोर्ट आवेदनों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है, वहां मोबाइल वैन के माध्यम से सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाल के वर्षों में शिक्षा, रोजगार और विदेश यात्रा के बढ़ते अवसरों के चलते पासपोर्ट की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ऐसे में अपॉइंटमेंट मिलने में देरी या असुविधा से बचाने के लिए यह विशेष कैंप महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय नागरिकों को अपने ही जनपद में आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा।

कार्यालय की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे पहले से ही आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करें और निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप स्थल पर उपस्थित हों। यह पहल बुलंदशहर के नागरिकों के लिए पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ, सुगम और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top