के कविता का राजनीतिक दांव: मई में नई पार्टी का ऐलान, KCR की पारंपरिक सीट सिद्धिपेट से चुनाव लड़ने की तैयारी

के कविता मई में बनाएंगी नई पार्टी, सिद्धिपेट से चुनाव लड़ने के संकेत


हैदराबाद, 19 फरवरी। तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता ने गुरुवार को घोषणा की कि वह इस साल मई में नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मई के पहले सप्ताह में शुभ मुहूर्त देखकर पार्टी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

कविता ने बताया कि नई पार्टी के नाम में ‘तेलंगाना’ शब्द अवश्य होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी राज्य में मुख्य विपक्ष के रूप में उभरेगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह अगला विधानसभा चुनाव सिद्धिपेट या बोधन सीट से लड़ सकती हैं, जिसमें सिद्धिपेट उनकी पहली पसंद होगी।

कविता, के चंद्रशेखर राव (केसीआर) की बेटी हैं, जो भारत राष्ट्र समिति के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हैं। केसीआर 2004 तक लगभग दो दशकों तक सिद्धिपेट से विधायक रहे। इसके बाद से यह सीट उनके भतीजे टी हरीश राव के पास है।

गौरतलब है कि कविता को पिछले वर्ष पार्टी-विरोधी गतिविधियों के आरोप में बीआरएस से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने अपने चचेरे भाइयों हरिश राव और संतोष राव पर तीखा हमला बोलते हुए केसीआर पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया था।

कविता ने हरिश राव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व द्वारा तेलंगाना सरकार के कामकाज की समीक्षा को राज्य के स्वाभिमान के खिलाफ बताया था। कविता ने कहा, “पिछली सरकार में कैबिनेट एर्रावेली (केसीआर का फार्महाउस) जाती थी, अब दिल्ली जा रही है। दोनों में ज्यादा फर्क नहीं है।”

उन्होंने अपने भाई और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रमा राव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि तेलंगाना आंदोलन से ‘विश्वासघात’ करने वाले लोग उनके साथ बैठे हैं।

इसके अलावा कविता ने रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (आरटीसी) के सरकारीकरण की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि आरटीसी का तत्काल सरकार में विलय किया जाए और विभिन्न कारणों से बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को बिना शर्त बहाल किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आरटीसी के निजीकरण की कोशिशें हो रही हैं और मांग की कि खरीदी जा रही सभी इलेक्ट्रिक बसों का स्वामित्व आरटीसी के पास ही रहे।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top