पटना विश्वविद्यालय छात्रावास में पुलिस का एक्शन, नशे में धुत 8 छात्र गिरफ्तार; बम कांड से जुड़े तार

पटना विश्वविद्यालय छात्रावास में पुलिस ने की छापेमारी, नशे में आठ छात्र गिरफ्तार


पटना, 19 फरवरी। पटना विश्वविद्यालय के एक छात्रावास में पुलिस ने छापेमारी कर आठ छात्रों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरफ्तार सभी छात्र शराब के नशे में थे।

दरअसल, विश्वविद्यालय में छात्रसंघ का चुनाव होना है, जिसे लेकर तैयारी की जा रही है। इस बीच, बुधवार की देर रात पीरबहोर थाना के पटना विश्वविद्यालय के अलग-अलग छात्रावासों में प्राप्त शिकायतों और छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए पटना पुलिस अधीक्षक (मध्य), भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के क्रम में मिंटो छात्रावास से कुल आठ छात्रों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवकों का संबंध पीरबहोर थाना में दर्ज बम कांड से भी जुड़ा हुआ है, जिसमें विस्फोटक अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि इस छापेमारी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी बुलाया गया था। काफी लंबे समय से छात्रावास को लेकर शिकायतें आ रही थीं। गिरफ्तार छात्रों में से एक आरोपी का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार सभी छात्र नशे की हालत में थे और सभी ने शराब पी रखी थी।

उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जितने भी छात्रावास हैं, सभी में छापेमारी की जा रही है। आगे भी छापेमारी चलती रहेगी।

इससे पहले, पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव को लेकर तीन दिनों से चल रही नामांकन प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हुई। इस चुनाव में सेंट्रल पैनल के पांच पदों के लिए 51 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 16, उपाध्यक्ष के लिए नौ, महासचिव के लिए नौ, संयुक्त सचिव के लिए आठ और कोषाध्यक्ष पद के लिए नौ उम्मीदवार शामिल हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,458
Messages
8,490
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top