राजधानी में फर्जी NIA कार्ड से नौकरी का झांसा! आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ठगने वाला दबोचा

दिल्ली में फर्जी एनआईए आई-कार्ड के सहारे नौकरी देने वाला एक युवक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 19 फरवरी। राजधानी दिल्ली में फर्जी पहचान पत्र के जरिए नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस की गश्ती टीम ने बुधवार को लाल किला क्षेत्र के पीछे दिल्ली चलो पार्क के पास एक संदिग्ध वाहन से आरोपी को हिरासत में लिया। वाहन में उसके साथ एक नाबालिग भी मौजूद था, जिसे बाद में परिजनों के संपर्क में लाया गया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का एक कथित पहचान पत्र बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह आई-कार्ड फर्जी पाया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एनआईए इस प्रकार का कोई पहचान पत्र जारी नहीं करती। जांच में सामने आया कि आरोपी इसी फर्जी पहचान के जरिए लोगों पर रौब जमाकर उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देता था।

प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के एक नाबालिग को दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। परिवार की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसने उनसे अग्रिम राशि भी वसूल ली। दोनों 12 फरवरी को कश्मीर से दिल्ली पहुंचे थे और जामा मस्जिद इलाके के एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने दिल्ली में अपने कुछ कथित संपर्कों के माध्यम से नौकरी की संभावनाएं तलाशने का दिखावा किया, लेकिन कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर सका।

इसी बीच उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने निगरानी शुरू की। पूछताछ के दौरान उसके बयान और दस्तावेजों में विरोधाभास सामने आया, जिसके बाद फर्जी आई-कार्ड का मामला उजागर हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। संयुक्त पूछताछ विशेष प्रकोष्ठ, खुफिया एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों के साथ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को इस तरह ठगा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,458
Messages
8,490
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top