टी20 वर्ल्ड कप में अभिषेक का बुरा सपना! वाशिंगटन सुंदर की अनचाही बराबरी, रोहित शर्मा का जलवा बरकरार

अभिषेक शर्मा ने की वाशिंगटन सुंदर की बराबरी, रोहित शर्मा टॉप पर


नई दिल्ली, 19 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 का अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला। टीम इंडिया ने इस मैच को 17 रन से जीता। जीत के बावजूद सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चिंता रही।

अभिषेक शर्मा को टी20 विश्व कप 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन निजी तौर पर उनके लिए टी20 विश्व कप अब तक बुरा सपना साबित हुआ है। विश्व कप में अभिषेक अब तक एक भी रन नहीं बना सके हैं। वह लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हुए हैं।

यूएसए के खिलाफ ग्रुप स्टेज के पहले मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। नामीबिया के खिलाफ वह बीमारी की वजह से नहीं खेले थे। पाकिस्तान के खिलाफ 4 गेंदों पर बिना खाता खोले आउट हुए थे। नीदरलैंड के खिलाफ उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन इस मैच में भी अभिषेक ने निराश किया और तीन गेंदों का सामना करते हुए बिना खाता खोले बोल्ड हो गए।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर भी अभिषेक से पहले लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हो चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड श्रीलंका के मौजूदा टी20 कप्तान दासुन शनाका के नाम है। शनाका 16 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। भारत की तरफ से अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का अनचाहा रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। रोहित अपने करियर में 12 बार शून्य पर आउट हुए हैं। सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने वाले दूसरे भारतीय संजू सैमसन हैं। वह 7 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,458
Messages
8,490
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top