बिहार में 'अग्नि ऐप' से एक करोड़ की ठगी का मास्टरमाइंड हरियाणा से गिरफ्तार, ऐसे बनाता था शिकार

बिहार: मोबाइल एप से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाला आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार


मोतिहारी, 18 फरवरी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से लोगों को मोबाइल ऐप के जरिये एक करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संगम कुमार फर्जी "अग्नि एप" के जरिए एक करोड़ रुपए ठगने के मामले का मास्टरमाइंड है। यह फरीदाबाद के पाली गांव का रहने वाला है।

मोतिहारी साइबर के पुलिस उपाधीक्षक अभिनव परासर ने बुधवार को बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रक्सौल क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक शर्मा ने पिछले वर्ष साइबर थाने में एक मामला दर्ज कराया था, जिसमें आरोप लगाया था कि अग्नि ऐप के जरिये युवाओं को मोबाइल रिचार्ज, बिजली बिल भुगतान, विज्ञापन आदि पर अधिक रिटर्न का लालच दिया जाता था। साथ ही, ज्यादा पूंजी निवेश करने पर कार समेत आकर्षक उपहार देने का प्रलोभन भी दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी खुद को अग्नि ऐप का सीईओ बताता था। इस गिरोह के लोगों द्वारा कई स्थानों पर युवाओं को आकर्षित करने के लिए सेमिनार आयोजित किए गए। बताया गया कि ऐप के वॉलेट में पैसे जमा कराने के बाद शुरुआत में कुछ लाभ दिखाया जाता था ताकि लोगों का भरोसा बढ़े। जब बड़ी संख्या में लोगों ने अधिक राशि निवेश कर दी, तब अचानक ऐप को बंद कर दिया गया और आरोपी फरार हो गए।

दर्जनों पीड़ितों से करोड़ों रुपए की ठगी की आशंका जताई जा रही है। अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इस साइबर ठगी का मास्टरमाइंड संगम कुमार हरियाणा में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अभिनव परासर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और वहां से मुख्य आरोपी संगम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीएसपी अभिनव परासर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह जानने की भी कोशिश कर रही है कि ठगी का नेटवर्क और किन राज्यों में फैला था।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top