"स्वर्णिम अध्याय लिख डाला": रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, महबूबा मुफ्ती ने दी बधाई

'आप सभी ने स्वर्णिम अध्याय लिख डाला', यादगार जीत पर महबूबा मुफ्ती ने दी जम्मू कश्मीर टीम को बधाई


नई दिल्ली, 18 फरवरी। जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में बंगाल को हराते हुए इतिहास रच डाला। पारस डोगरा की अगुवाई में जम्मू कश्मीर ने पहली बार फाइनल में अपनी जगह पक्की की है। जम्मू कश्मीर की इस ऐतिहासिक जीत के नायक आकिब नबी दार रहे, जिन्होंने 9 विकेट लेने के साथ-साथ बल्ले से भी 42 रनों की अहम पारी खेली। जम्मू कश्मीर की यादगार जीत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने टीम को बधाई दी है।

जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में मिली शानदार जीत के लिए जम्मू कश्मीर की क्रिकेट टीम को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी ने इतिहास रच दिया है। धैर्य, साहस और अटूट भरोसे के दम पर आपने जम्मू कश्मीर की खेल यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय लिख डाला है।"

सेमीफाइनल मुकाबले की पहली पारी में बंगाल ने 328 रन बनाए थे, जिसके जवाब में जम्मू कश्मीर की पूरी टीम 302 रन बनाकर सिमट गई थी। हालांकि, दूसरी इनिंग में आकिब नबी और सुनील कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए बंगाल की पूरी टीम को महज 99 रनों पर ढेर कर डाला। इसके बाद 126 रनों के लक्ष्य को जम्मू कश्मीर ने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की तरफ से वंशज शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 43 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि अब्दुल समद 30 रन बनाकर नॉटआउट रहे।

आकिब नबी को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। आकिब ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी गेंद से अपना दमखम दिखाते हुए टीम को सेमीफाइनल का टिकट दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पहली पारी में 7 और दूसरी इनिंग में 5 विकेट चटकाए थे। कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से जम्मू कश्मीर की फाइनल में भिड़ंत होगी। रणजी ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला 24 फरवरी से खेला जाना है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,337
Messages
16,374
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top