पुलिस ने नोएडा में तोड़ी नशे की कमर, 5 लाख के गांजे संग 3 तस्कर धर दबोचे

नशे की तस्करी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख रुपए का मादक पदार्थ बरामद


नोएडा, 18 फरवरी। नोएडा के सेक्टर 72 क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर 113 की पुलिस और नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजे की तस्करी और बिक्री में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह संयुक्त कार्रवाई बुधवार को की गई। टीम को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति सेक्टर-72 के पास गांजे की सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और नारकोटिक्स सेल ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से 30 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल हक (32 वर्ष), आलम हुसैन (32 वर्ष) और बिलाल हुसैन (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

तीनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के निवासी हैं और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव की झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से ट्रेन और ट्रकों के माध्यम से सस्ते दामों पर गांजा लाते थे और एनसीआर क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं तथा एनसीआर में इनके नेटवर्क का विस्तार कितना बड़ा है।

नोएडा पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,948
Messages
15,985
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top