मध्य प्रदेश के बजट से गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को मिलेगा बड़ा लाभ: हेमंत खंडेलवाल

मध्य प्रदेश के बजट से गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को मिलेगा बड़ा लाभ: हेमंत खंडेलवाल


भोपाल, 18 फरवरी। मध्य प्रदेश बजट 2026-27 को लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बजट को गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं पर केंद्रित बताते हुए इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि लगभग 4.65 लाख करोड़ रुपए का यह बजट राज्य की आर्थिक सोच को दर्शाता है। सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय पहले 1 लाख 41 हजार रुपए थी, जो बढ़कर लगभग 1 लाख 79 हजार रुपए हो गई है। यानी करीब 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह इस बात का संकेत है कि सरकार की आर्थिक नीतियां लोगों की आय बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं।

कृषि क्षेत्र को लेकर भी सरकार ने बड़े प्रावधान किए हैं। एक लाख सोलर पंप लगाने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में इसे लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाई गई है।

युवाओं के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं लाई गई हैं। छात्रावास निर्माण का काम जारी है ताकि युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। 25,000 करोड़ रुपए के ऋण और 40,000 पंजीकृत अटल पेंशन योजना से जुड़े लाभार्थियों के लिए भी प्रावधान किए गए हैं। खेलों के विकास के लिए 815 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर को गति देने के लिए मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना के तहत 21,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए 294 संदीपनि विद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है, जिन्हें भविष्य में शिक्षा का मजबूत आधार बताया जा रहा है।

सरकार ने सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए हैं। गुमकर समाज और जी राम जी से जुड़े बिल के लिए 10,000 करोड़ रुपए रखे गए हैं। वर्ष 2028 में होने वाले बड़े धार्मिक आयोजन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक मध्य प्रदेश की आर्थिक दिशा तय करने वाला दस्तावेज है। सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचे।

विपक्ष के विरोध पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में प्रदेश का बजट लगभग 23,000 करोड़ रुपए था, जबकि आज का बजट उससे लगभग 20 गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अच्छी बातों की सराहना करनी चाहिए, क्योंकि जनता के हित में होने वाले कार्यों का स्वागत सत्ता और विपक्ष दोनों को करना चाहिए।

उन्होंने यह भी बताया कि पहले की तुलना में कई योजनाओं में 15 से 20 प्रतिशत अधिक राशि का प्रावधान किया गया है और भविष्य में और वृद्धि की योजना भी बजट में शामिल है। उनके अनुसार, यह बजट प्रदेश के समग्र विकास की स्पष्ट झलक पेश करता है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,538
Messages
15,575
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top