सुपरस्टार नलिनी जयवंत: पर्दे पर मिली शोहरत, निजी जिंदगी में दर्द और अंत में तन्हाई की दास्तान

सुपरस्टार एक्ट्रेस नलिनी जयवंत: फिल्मों में मिली सफलता और दर्द से भरी रही निजी जिंदगी


नई दिल्ली, 17 फरवरी। भारतीय सिनेमा की सुंदर और प्रसिद्ध अभिनेत्रियों में से एक नलिनी जयवंत का जन्म 18 फरवरी 1926 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने कई सुपरस्टार अभिनेताओं के साथ काम किया और फिर वह खुद भी सुपरस्टार एक्ट्रेस की लिस्ट में शामिल हो गईं। हालांकि, नलिनी जिस तरह दुनिया छोड़कर गईं, लोग बस यही कहते रहे कि भगवान ऐसी मौत किसी को न दे।

नलिनी को बचपन से ही फिल्मों में काम करने का शौक था। उन्हें फिल्में देखना काफी पसंद था। ऐसे में वह फिल्मों में काम करने के लिए उत्साहित हुईं। 14 साल की उम्र में जब नलिनी एक पार्टी में गई थीं, इसी पार्टी में फिल्ममेकर चिमनलाल देसाई भी पहुंचे थे। जब उन्होंने नलिनी को देखा, तो लगा कि जैसे उन्हें अपनी फिल्म में एक किरदार की तलाश पूरी हो गई हो।

चिमनलाल देसाई अपनी फिल्म 'राधिका' के लिए हीरोइन की तलाश कर रहे थे। उन्होंने नलिनी को फिल्म में काम करने का ऑफर दिया। फिल्मों में काम करने को लेकर नलिनी के पिता ने पहले आपत्ति जताई थी, लेकिन बाद में राजी हो गए। 1941 में नलिनी ने 'राधिका' फिल्म से डेब्यू किया था।

नलिनी को फिल्मों में काम करने के साथ ही गाने का भी शौक था। उन्होंने करीब 40 गानों में आवाज दी। हालांकि 1948 में दिलीप कुमार और नरगिस के साथ फिल्म 'अनोखा प्यार' में काम करने के बाद उनके करियर में अहम बदलाव आया। साल 1950 में 'समाधि' और 'संग्राम' जैसी फिल्मों, फिर देव आनंद के साथ कई फिल्मों में काम करने के बाद वह सुपरस्टार एक्ट्रेस की लिस्ट में शामिल हो गईं।

फिल्मों में सफलता मिलने के साथ ही बोल्ड फोटोशूट और इमेज ने भी उन्हें बड़ी पहचान दिलाई। फिल्मफेयर मैगजीन के ब्यूटी पोल में उन्हें सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस का खिताब मिला। नलिनी पर्दे पर स्विमसूट पहनने वाली पहली एक्ट्रेस बनीं थीं। इससे उन्हें काफी प्रसिद्धि मिली। हालांकि, 60 के दशक में उनका करियर ढलान पर आ गया और काम मिलना कम हो गया।

अगर नलिनी की व्यक्तिगत जिंदगी की बात करें तो यह काफी दर्दनाक रही। उनकी दो शादी हुई और एक अफेयर रहा, लेकिन अंत समय में जब उनकी मौत हुई तो तीन दिन तक उनका शव सड़ता रहा और किसी को इसकी खबर ही नहीं हुई। उन्होंने डेब्यू फिल्म डायरेक्टर चिमनलाल के बेटे वीरेंद्र देसाई से शादी की थी। हालांकि शादी के तीन साल बाद तलाक हो गया।

नलिनी का अशोक कुमार से अफेयर रहा, इसकी भी खूब चर्चा होती रही। इसके कुछ वक्त बाद नलिनी ने एक्टर प्रभुदयाल से शादी की। साल 2001 में उनके पति का निधन हो गया। नलिनी को ना तो पहली शादी से कोई संतान थी और ना ही दूसरी शादी से। जब उनके दूसरे पति का देहांत हुआ तो वह एकदम अकेली पड़ गईं।

बताया जाता है कि साल 2009 में उनका निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी तब सामने आई, जब खुद को नलिनी का रिश्तेदार बताने वाला एक शख्स उनका शव लेने पहुंचा था। उनकी मौत को तीन दिन हो चुके थे और उनका शव तीन दिन तक घर में सड़ता रहा। न तो कोई देखने वाला था और न ही कोई उनके घर जाने वाला। इसकी जानकारी सामने आने के बाद इस सुपरस्टार एक्ट्रेस की दर्दनाक मौत की खूब चर्चा हुई।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top