धनबाद, 17 फरवरी। झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य की विधि व्यवस्था को लेकर सरकार पर जुबानी हमला बोला है। मंगलवार को धनबाद में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कई स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से ऐसा लगता है कि प्रदेश में 'अपराधियों की समानांतर सरकार' चल रही है। साहू ने आरोप लगाया कि झामुमो-कांग्रेस निकाय चुनाव में संभावित हार से घबराई हुई है और सत्ता पक्ष के इशारे पर अपराधियों के जरिए भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि चक्रधरपुर के भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजय गगराई को इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। इसी तरह, एक महिला कार्यकर्ता के घर पर धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया है।
साहू ने कहा कि धनबाद और मेदिनीनगर (पलामू) में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को अपराधियों ने धमकी दी है। सांसद ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने संबंधित पुलिस अधीक्षक से बात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य सरकार ने अपराधियों, दलालों और बिचौलियों को संरक्षण दिया है और अब निकाय चुनाव में अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए आपराधिक तत्वों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न निकाय क्षेत्रों में कुख्यात अपराधियों की सक्रियता बढ़ी है, जिसकी आशंका भाजपा पहले भी जता चुकी है।
साहू ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने हार के डर से चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराए और बैलेट पेपर से चुनाव कराने के पीछे भी बूथ लूट और बूथ कैप्चरिंग की मंशा हो सकती है। भाजपा ने निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार अपराधियों पर सख्ती नहीं करती है, तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद पीएन सिंह और जिलाध्यक्ष श्रवण राय भी मौजूद थे।