विदेश से आपराधिक गैंग चला रहे कुख्यात प्रिंस खान पर पुलिस का शिकंजा, धनबाद के वासेपुर में घर जब्त

वासेपुर के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर प्रिंस खान के आवास पर पुलिस ने कुर्की जब्ती की कार्रवाई की


धनबाद, 17 फरवरी। विदेश में बैठकर झारखंड के शहरों में आपराधिक गैंग ऑपरेट करने वाले कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के धनबाद के वासेपुर स्थित आवास में मंगलवार को पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। प्रिंस खान का आवास वासेपुर में कमर मखदूमी रोड पर स्थित है।

न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए पुलिस की एक बड़ी टीम मंगलवार को उसके घर पर पहुंची। धनबाद सिटी के विधि-व्यवस्था प्रभारी नौशाद आलम, बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार के नेतृत्व में टीम ने घर की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान मकान की छत पर लगे शेड को हटाकर जब्त किया गया।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूर्व में संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया का एक हिस्सा शेष रह गया था। कुर्की जब्ती की इस कार्रवाई के दौरान एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। कार्रवाई के दौरान आसपास के इलाकों में लोगों की आवाजाही बनी रही, लेकिन स्थिति शांतिपूर्ण रही।

प्रिंस खान राज्य का मोस्ट वांटेड अपराधी माना जाता है और बीते साढ़े चार वर्षों से दुबई में रह रहा है। झारखंड पुलिस के अनुरोध पर उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर रखा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित इस आरोपी पर हत्या, रंगदारी और संगठित अपराध के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस का दावा है कि वह विदेश में रहकर भी आपराधिक नेटवर्क संचालित करता रहा है और समय-समय पर सोशल मीडिया के जरिए वारदातों की जिम्मेदारी लेने के वीडियो जारी करता रहा है। राज्य पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कानूनी और कूटनीतिक प्रयास कर रही है।

प्रिंस ने हाल के महीनों में पलामू, चतरा, जमशेदपुर और धनबाद सहित कई शहरों में कारोबारियों को कॉल कर रंगदारी की मांग की है। पुलिस ने पिछले छह महीनों में उसके गैंग के 30 से भी ज्यादा गुर्गों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इसके बावजूद उसके गिरोह की गतिविधियां नहीं थम रहीं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,931
Messages
7,963
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top