बांग्लादेश की नई सरकार को नकवी की सलाह: अतीत से सबक ले, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर आगे बढ़े

बांग्लादेश की नई सरकार को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए: मुख्तार अब्बास नकवी


नई दिल्ली, 17 फरवरी। बांग्लादेश में बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने मंगलवार को पीएम पद की शपथ ले ली। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने रहमान को पीएम पद की शपथ दिलाई। तारिक रहमान के पीएम बनने पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि बांग्लादेश की नई सरकार को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता ने कहा कि बांग्लादेश में पिछले दिनों जो हुआ, विशेष तौर पर वहां अल्पसंख्यकों के साथ जो हुआ, उससे सबक लेते हुए बांग्लादेश की नई सरकार सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मोहम्मद यूनुस के बयान पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मुझे लगता है कि इस तरह की चीजें न बांग्लादेश और न बांग्लादेश के लोगों के हित में हैं। जो लोग इस तरह की चीजें कर रहे हैं, वे बांग्लादेश के हितैषी नहीं हो सकते।

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वंदे मातरम का विरोध करने वाले लोगों में मुस्लिम लीग की आत्मा घुस गई है। मुस्लिम लीग ने आजादी के समय में वंदे मातरम का विरोध कर अपनी जहरीली सोच को जगजाहिर किया था। उसके पीछे विभाजन की विभाषिका थी और देश ने विभाजन की विभाषिका को देखा है। इस विभाजन की विभाषिका की जो जहरीली सोच है, उसकी पुनरावृत्ति नहीं हो पाएगी। कुछ लोग वंदे मातरम पर धर्म का तड़का लगाने की कोशिश कर रहे हैं। यह कोई मजहबी नहीं, मुल्क का गीत है। मुल्क के 140 करोड़ लोगों के जज्बे से भरा हुआ गीत है।

कांग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर के बयान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से उनकी जमीन तो संभल नहीं रही है और पूरे देश में माहौल बनाने में लगे हुए हैं। उसका नतीजा है कि आप पर उल्टा पड़ रहा है।

एआई समिट को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का धुरंधर बनेगा। देश और दुनिया में जो तकनीक आई है, उसे भारत ने स्वीकार करते हुए आगे बढ़ाते हुए उसे देशहित में इस्तेमाल किया है। विपक्ष की समस्या यह है कि उसे हर चीज में नकारात्मक बात ही दिखाई देती है। विपक्ष को एआई समिट से कुछ सीखना चाहिए। उनकी ओरिजिनल इंटेलिजेंस तो खत्म है, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से कुछ सीख लें।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,931
Messages
7,963
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top