जौनपुर न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, जिला जज को मिले ईमेल से मचा हड़कंप; खाली कराया परिसर

जौनपुर दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, जिला जज को आया फिरौती का ईमेल, खाली कराया गया परिसर


जौनपुर, 17 फरवरी। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मंगलवार दोपहर दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज सुशील कुमार शशि की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए संदेश में 17 फरवरी को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच गेट नंबर 1 के पास सिविल कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे जिला जज को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें पांच से छह मोबाइल नंबरों पर एक-एक लाख रुपए भेजने की मांग की गई थी। संदेश में साफ लिखा था कि तय समय तक रकम नहीं भेजी गई तो न्यायालय परिसर को विस्फोट से उड़ा दिया जाएगा। धमकी मिलते ही जिला जज ने तत्काल प्रशासन को अलर्ट करते हुए न्यायालय परिसर खाली कराने के आदेश दिए।

वकील उस्मान अली ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह सही है। बम की धमकी मिली थी, और प्रशासन ने बताया कि सिविल कोर्ट परिसर में कथित तौर पर बम रखा गया है। इसलिए, कोर्ट के अधिकारियों और वकीलों के साथ पूरी टीम ने तुरंत सभी को परिसर खाली करने के लिए अलर्ट किया।"

उन्होंने बताया कि इसके बाद अधिवक्ताओं और वादकारियों से तत्काल परिसर खाली करने की अपील की गई। हम लोगों ने प्रशासन के साथ मिलकर पूरे परिसर को खाली कर दिया है और तलाशी अभियान चल रहा है।

प्रशासन के निर्देश पर सभी कोर्ट रूम, चैंबर और कार्यालय एहतियातन खाली करा लिए गए। जिला न्यायाधीश ने यह भी निर्देश दिया कि अधिवक्ताओं और पक्षकारों की अनुपस्थिति में कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे न्यायालय परिसर को घेर लिया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में मौजूद सभी कर्मचारियों और अधिवक्ताओं को तुरंत बाहर निकाल दिया गया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास की सड़कों पर लोगों की भीड़ जुट गई और शहर में चर्चा तेज हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे परिसर की सघन जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top