ग्रीस नेवी चीफ और रक्षा सचिव की मुलाकात, समुद्री सुरक्षा एवं जहाज निर्माण पर हुई बात

ग्रीस नेवी चीफ और रक्षा सचिव की मुलाकात, समुद्री सुरक्षा एवं जहाज निर्माण पर हुई बात


नई दिल्ली, 16 फरवरी। भारत और ग्रीस के बीच रक्षा सहयोग को नई गति देने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को ग्रीस की नौसेना के प्रमुख वाइस एडमिरल दिमित्रियोस एलेफ्थेरियोस कातारास से मुलाकात की।

इस दौरान व्यापक चर्चा की गई और बातचीत का मुख्य फोकस समुद्री सुरक्षा, जहाज निर्माण और स्वायत्त प्लेटफॉर्म जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर रहा। इस वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने भारत–ग्रीस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

दरअसल, ग्रीस की नौसेना के प्रमुख, वाइस एडमिरल दिमित्रियोस एलेफ्थेरियोस कातारास, इन दिनों भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। 16 फरवरी को नई दिल्ली में उनकी यात्रा प्रारंभ होने पर साउथ ब्लॉक लॉन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सम्मानित किया व भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया।

सोमवार को ही दोनों देशों के नौसेना प्रमुखों के बीच भी वार्ता हुई। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच नौसेना-से-नौसेना सहयोग को विस्तार देने, संयुक्त नौसैनिक अभ्यासों को बढ़ाने, प्रशिक्षण आदान-प्रदान को मजबूत करने और परिचालन स्तर पर तालमेल बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

दोनों सैन्य प्रमुखों ने इस बात पर जोर दिया कि हिंद महासागर क्षेत्र सहित वैश्विक समुद्री क्षेत्रों में शांति, स्थिरता और सुरक्षित समुद्री मार्ग सुनिश्चित करना आज की बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, पारस्परिक संचालन क्षमता और पेशेवर सहयोग को और गहरा करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।

रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत और ग्रीस के बीच बढ़ता रक्षा सहयोग न सिर्फ द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूती देगा, बल्कि क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर समुद्री सुरक्षा ढांचे को भी सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले बीते सप्ताह ही ग्रीस के रक्षा मंत्री निकोलाओस-जॉर्जियोस डेंडियास ने भारत का आधिकारिक दौरा किया था। बीते सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व ग्रीस (हेलेनिक रिपब्लिक) के रक्षा मंत्री निकोलाओस-जॉर्जियोस डेंडियास ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत की थी।

इस दौरान दोनों रक्षा मंत्रियों ने ज्वाइंट डिक्लेरेशन ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर भी किए थे। दोनों देशों द्वारा इस ज्वाइंट डिक्लेरेशन के आधार पर अगले पांच साल का रोडमैप तैयार किया जाएगा। यह डिक्लेरेशन दोनों देशों के डिफेंस इंडस्ट्रियल सहयोग को भी मजबूती प्रदान करेगा।

द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने कहा था कि भारत व ग्रीस की रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और आपसी सम्मान जैसे साझा मूल्यों पर टिकी है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार बैठक में तय हुआ कि भारत की ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल और ग्रीस की ‘एजेंडा-2030’ रक्षा सुधार योजना को जोड़ते हुए दोनों देश अपने-अपने स्वदेशी रक्षा उद्योग को और मजबूत करेंगे। इसी दिशा में भारत और ग्रीस के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के लिए ज्वाइंट डिक्लेरेशन ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,603
Messages
7,635
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top