पिकलबॉल से गहरी हो रही दोस्ती: चीनी नव वर्ष पर अमेरिकी और चीनी युवा सांस्कृतिक आदान-प्रदान से रिश्ते मजबूत कर रहे

पिकलबॉल के जरिए चीनी और अमेरिकी युवा मजबूत करेंगे दोस्ती


बीजिंग, 16 फरवरी। 15 से 24 फरवरी तक, 'चीनी नव वर्ष के लिए 2026 अमेरिकी युवा पिकलबॉल सांस्कृतिक आदान-प्रदान यात्रा' शीर्षक गतिविधि आयोजित की जा रही है।

चीनी शिक्षा मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 190 से अधिक चीनी और अमेरिकी युवा दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन, दक्षिणपूर्वी चीन के च्यांगशी प्रांत के शांगयोउ, मध्य चीन के हनान प्रांत के हे-पी और चीन की राजधानी पेइचिंग सहित चार शहरों में अंतर-विद्यालयीय आदान-प्रदान, पिकलबॉल मैचों और सांस्कृतिक यात्राओं में भाग ले रहे हैं।

बताया गया है कि 10 दिनों के दौरान, दोनों देशों के किशोर चीनी पारंपरिक नव वर्ष यानी वसंत उत्सव की परंपराओं जैसे कागज काटना और वसंत उत्सव के दोहे चिपकाना आदि का अनुभव करने के लिए समुदायों का दौरा करेंगे, और हक्का व्यंजन बनाने, चाय पत्तियों की कटाई और प्रसंस्करण के बारे में जानेंगे और सुंदर दृश्यों की सराहना करने के लिए चीनी गांवों का भ्रमण करेंगे।

इसके साथ ही, चीनी और अमेरिकी युवा उपर्युक्त 4 शहरों में वसंतोत्सव मेले में घूमेंगे, स्थानीय स्नैक्स का स्वाद लेंगे और लोक प्रदर्शनों का आनंद लेंगे। इस दौरान, वे चीनी पारंपरिक नववर्ष के जीवंत माहौल का अनुभव कर सकते हैं।

इन गतिविधियों के अलावा, 10 दिनों की चीन यात्रा के दौरान, अमेरिकी युवा चीनी राष्ट्रीय संग्रहालय, स्वर्ग मंदिर और ग्रीष्म महल जैसे सांस्कृतिक धरोहर स्थलों का भ्रमण करेंगे, जहां वे उत्कृष्ट पारंपरिक चीनी संस्कृति के आकर्षण का अनुभव कर सकते हैं। साथ ही, पेइचिंग में विश्वविख्यात छिंगहुआ विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों में मैत्रीपूर्ण पिकलबॉल मैच आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान, चीनी और अमेरिकी युवाओं के बीच खेलों के आदान-प्रदान से आपस में घनिष्ठता आएगी।

शिक्षा मंत्रालय के अंतर्राष्ट्रीय मानविकी आदान-प्रदान केंद्र के अधिकारी ने आशा व्यक्त की कि यह आयोजन पिकलबॉल और वसंत महोत्सव की सांस्कृतिक परंपराओं को एक बंधन के रूप में उपयोग करते हुए, खेलों के माध्यम से चीनी और अमेरिकी युवाओं के बीच मित्रता और आपसी समझ को बढ़ावा देने का एक अवसर प्रदान करेगा, और खेल व संस्कृति के एकीकरण में चीनी और विदेशी युवाओं के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान में एक नया अध्याय लिखेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top