माइक्रोसॉफ्ट प्रमुख की भविष्यवाणी: AI सेक्टर में अगले 3 साल में आएगी जबरदस्त क्रांति, मॉडल होंगे बेहद उन्नत

तेजी से बेहतर हो रहे एआई मॉडल, अगले 3 साल में एआई सेक्टर में अभूतपूर्व वृद्धि की संभावना: माइक्रोसॉफ्ट इंडिया प्रमुख


नई दिल्ली, 16 फरवरी। माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और दक्षिण एशिया के अध्यक्ष पुनीत चंदोक ने सोमवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल बहुत तेजी से बेहतर हो रहे हैं और अगले तीन वर्षों में इस क्षेत्र में बहुत बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

पुनीत चंदोक ने यह बात 'एआई इम्पैक्ट समिट 2026' में आयोजित 'एआई फॉर डिजास्टर मैनेजमेंट: एंटिसिपेटरी, हाइपरलोकल, स्केलेबल' सत्र के दौरान कही।

चंदोक ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में एआई ने जिस रफ्तार से प्रगति की है, उससे साफ है कि यह तकनीक तेजी से बदल रही है। उन्होंने बताया कि आज के एआई मॉडल बेहद उन्नत हैं और दुनिया इसे अपनाने के लिए तैयार है। एआई की मदद से अब हम पहले से कहीं ज्यादा तेज गति से आगे बढ़ सकते हैं।

एआई में सुधार को लेकर चल रही बहस पर उन्होंने कहा कि बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। खासकर पिछले छह महीनों में एआई में बड़ा सुधार देखने को मिला है। उनके अनुसार, अगले तीन साल में एआई सेक्टर हजार गुना तक बढ़ सकता है।

उन्होंने बताया कि कोडिंग एआई का एक बड़ा उपयोग बनकर उभरा है। पहले एआई केवल कोडिंग में छोटी मदद करता था, लेकिन अब यह कारोबार के कामकाज में गहराई से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एआई से चलने वाले डिजिटल सहयोगी अब कंपनियों में टीम के सदस्य की तरह काम कर रहे हैं।

चंदोक ने यह भी कहा कि एआई अब कानूनी दस्तावेज भी तैयार कर सकता है। इससे यह सवाल उठता है कि कंपनियां ऐसे सिस्टम पर नियंत्रण और सुरक्षा कैसे बनाए रखेंगी। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते प्रभाव के साथ कंपनियों को अपने स्तर पर नियंत्रण (सॉवरेनिटी) के बारे में सोचना होगा।

उन्होंने बताया कि कंपनियां अब केवल क्लाउड-आधारित मॉडल से आगे बढ़कर एआई-फर्स्ट मॉडल अपना रही हैं। आने वाली पीढ़ी की कंपनियां एआई की बुनियाद पर खड़ी होंगी, न कि सिर्फ क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर।

नौकरियों पर असर के बारे में उन्होंने कहा कि एआई नौकरियां खत्म नहीं करेगा, बल्कि उन्हें बदल देगा। उनका कहना था कि लोगों को लगातार नई तकनीक सीखनी होगी।

उन्होंने जोर देकर कहा, "अगर आप आज एआई नहीं सीख रहे हैं, तो आप कुछ भी नहीं सीख रहे हैं।"
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top