आशीष सूद का एक्शन: भलस्वा में जर्जर मकानों का निरीक्षण कर मरम्मत के दिए निर्देश, झुग्गीवासियों को मिलेगा सुरक्षित आवास

दिल्ली: आशीष सूद ने भलस्वा विजय चौक क्षेत्र में बने मकानों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिया जल्द निर्माण का आदेश


नई दिल्ली, 16 फरवरी। दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने भलस्वा विजय चौक क्षेत्र में बने मकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकतर मकान खाली और जर्जर अवस्था में पाए गए, जिसको सही करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।

मंत्री आशीष सूद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हमारी सरकार झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को अच्छा घर दे रही है। इसके लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी फ्लैटों की विस्तृत तकनीकी जांच कर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। जिन इमारतों में संरचनात्मक कमियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही बिजली, पानी, सीवर और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार झुग्गी निवासियों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इन फ्लैटों का निर्माण मूल रूप से झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों के पुनर्वास के लिए किया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से अब तक इनका आवंटन नहीं हो सका। अब सरकार ने निर्णय लिया है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही पात्र परिवारों को इन फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि झुग्गी निवासियों को अस्थायी प्लॉटों या असुविधाजनक स्थानों पर रहने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में पक्का मकान मिले। इसके लिए हमारी सरकार जल्दी ही लोगों को नए आवास भी देने की योजना बना रही है।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आवंटन प्रक्रिया पारदर्शी होगी और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द काम खत्म कर लोगों को हैंडओवर किया जाए, जिससे लोग स्वच्छ वातावरण में रह सकें।

बता दें कि भलस्वा विजय चौक क्षेत्र में वर्ष 2014 में निर्मित करीब 1,700 फ्लैट्स लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़े हैं। वर्षों से खाली पड़े रहने के कारण अधिकांश फ्लैट खंडहर में तब्दील हो चुके हैं और तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,452
Messages
7,484
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top