ऑस्ट्रेलिया में सहपाठी सेना प्रमुखों का अहम मिलन, भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग को और मजबूत करेंगे

सेना प्रमुख की ऑस्ट्रेलिया यात्रा, आज होगी पूर्व सहपाठी व ऑस्ट्रेलियाई सेना प्रमुख से मुलाकात


नई दिल्ली, 16 फरवरी। भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। वह आज यानी 16 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा सहयोग को और अधिक मजबूत करना और दोनों देशों के बीच बढ़ते तालमेल को बढ़ावा देना है।

दरअसल भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और ऑस्ट्रेलियाई सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल साइमन स्टुअर्ट सहपाठी रह चुके हैं। दोनों वर्ष 2015 के यूएस आर्मी वार कॉलेज के बैच के एल्युमनाई हैं। अब दोनों आर्मी चीफ के बीच यह महत्वपूर्ण मुलाकात होने जा रही है। इस दौरान दोनों देशों की सेनाओं के विभिन्न संयुक्त अभियानों पर चर्चा की जाएगी।

भारतीय थलसेना प्रमुख ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस फोर्सेज हेडक्वार्टर में जाएंगे। यहां एक राउंड टेबल बैठक होने जा रही है। डिफेंस फोर्सेज हेडक्वार्टर में होने वाली चर्चा का मुख्य विषय रक्षा सहयोग, सैन्य आधुनिकीकरण और भविष्य के ऑपरेशन्स पर केंद्रित है। थल सेनाध्यक्ष यहां ऑस्ट्रेलियाई चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेस (सीडीएफ) और ऑस्ट्रेलियाई रक्षा सचिव से भी वार्ता करेंगे।

सैन्य विशेषज्ञों के मुताबिक आर्मी चीफ की यह ऑस्ट्रेलिया यात्रा दोनों देशों के बीच आपसी समझ को और मजबूत करेगी। साथ ही यह यात्रा समान हितों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जनरल उपेंद्र द्विवेदी अपनी यात्रा की शुरुआत आज कैनबरा से कर रहे हैं। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद आज ही वह ऑस्ट्रेलियाई सेना के प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल साइमन स्टुअर्ट से मुलाकात कर रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान भारतीय सेना प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई डिफेंस कॉलेज के कमांडर से भी बातचीत करेंगे। वह ऑस्ट्रेलियाई कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में सैन्य अधिकारियों को संबोधित भी करेंगे। सेना प्रमुख की यह यात्रा 19 फरवरी तक जारी रहेगी।

इस दौरान वह ऑस्ट्रेलिया के रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग महत्वपूर्ण वार्ताओं में हिस्सा लेंगे। वार्ता का प्रमुख उद्देश्य भारत व ऑस्ट्रेलिया की सेनाओं के बीच संयुक्त एंगेजमेंट को बढ़ाना है। इस एंगेजमेंट में जवानों की ट्रेनिंग, दोनों देशों की सेनाओं का संयुक्त युद्धाभ्यास और सैन्य अनुभवों का आदान-प्रदान शामिल है। कैनबरा के बाद थल सेनाध्यक्ष सिडनी में, आस्ट्रेलियाई फोर्सेस कमांड, स्पेशल ऑपरेशंस कमांड और सेकेंड डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा में शामिल होंगे।

गौरतलब है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की सेनाएं एक विशाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘ऑस्ट्राहिंद’ को अंजाम देती हैं। ऑस्ट्रेलिया की सेकेंड डिवीजन के जवान इस द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ऑस्ट्राहिंद में भाग लेते हैं। इस अभ्यास का अगला संस्करण इसी वर्ष भारत में आयोजित होना है। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ऑस्ट्रेलिया में हेडक्वार्टर्स जॉइंट ऑपरेशंस कमांड का भी दौरा करेंगे। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात करेंगे।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,551
Messages
7,583
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top