'जल्द विकेट गिरे तो ईशान ने संभाला मोर्चा', पाकिस्तान पर जीत के बाद बोले सूर्यकुमार यादव

जल्द विकेट गिरने के बाद किसी को जिम्मेदारी लेने की जरूरत थी, ईशान ने वो काम किया: सूर्यकुमार यादव


कोलंबो, 15 फरवरी। पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में 61 रन से रौंदने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 'प्लेयर ऑफ द मैच' ईशान किशन को सराहा है, जिन्होंने 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन की पारी खेली।

आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में महज 114 रन पर सिमट गई।

इस शानदार जीत के साथ भारतीय कप्तान ने कहा, "यह पूरे देश की जीत है। हमने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा हम खेलना चाहते थे। ईशान किशन ने जिस तरह बल्लेबाजी की, वह वही अंदाज है जो वह पिछले कुछ मुकाबलों और घरेलू क्रिकेट में दिखाते आ रहे हैं। महज 1 रन पर टीम का पहला विकेट गिरने के बाद किसी को जिम्मेदारी लेने की जरूरत थी और ईशान ने यह काम शानदार ढंग से किया।"

तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने जिस तरह बल्लेबाजी की, वह काबिल-ए-तारीफ है। तिलक ने इस मुकाबले में 25 रन बनाने के साथ 1 विकेट हासिल किया, जबकि शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 27 रन की पारी खेली। इनके अलावा, रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में ताबड़तोड़ 11 रन बनाए।

कप्तान सूर्यकुमार यादव का मानना है कि इस मैदान पर 155 का स्कोर भी काफी चुनौतीपूर्ण रह सकता था। उन्होंने कहा, "जैसे ही हम 175 के स्कोर तक पहुंचे, लगा कि यह हम 15–20 रन ज्यादा बना चुके हैं। अगर स्कोर 155 होता, तो यह बहुत टाइट मैच होता। हार्दिक पंड्या ने नई गेंद लेकर जिम्मेदारी संभाली और फिर जसप्रीत बुमराह ने दिखाया कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज क्यों हैं।"

लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जगह बना ली है। टीम इंडिया 18 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी। कप्तान सूर्या ने कहा, "आज हम बतौर टीम अच्छा समय बिताएंगे और अहमदाबाद पहुंचकर आगे की रणनीति पर काम करेंगे।"

इस ऐतिहासिक जीत के बाद सूर्या ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुकाबले की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "हर हर महादेव।"
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,277
Messages
7,309
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top