अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा: 'किसानों को गुमराह कर रही, व्यापार समझौतों में हित पूरी तरह सुरक्षित'

व्यापार समझौतों में किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है : गृह मंत्री अमित शाह


गांधीनगर, 15 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस के इस दावे को खारिज कर दिया कि अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ हुए भारत के हाल के व्यापार समझौते किसानों को नुकसान पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर समझौते में कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखने का ध्यान रखा है।

गांधीनगर में देश की पहली सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्घाटन करने के बाद आयोजित एक कार्यक्रम में संबोधन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर किसानों को मुक्त व्यापार समझौतों के प्रभाव को लेकर गुमराह करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, "जब राहुल गांधी संसद में खड़े होकर किसानों की सुरक्षा की बात करते हैं तो यह हास्यास्पद लगता है। कांग्रेस का देश को गुमराह करने का लंबा इतिहास रहा है और अब वह व्यापार समझौतों को लेकर झूठ फैला रही है।"

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बातचीत के दौरान किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की है।

उन्होंने कहा, "यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हुए हर समझौते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपके हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की है।"

कृषि क्षेत्र के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में कृषि बजट 26,000 करोड़ रुपए था, जो वर्तमान नरेंद्र मोदी सरकार में बढ़कर 1,29,000 करोड़ रुपए हो गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दशक में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खाद्यान्न की खरीद पिछली यूपीए सरकार की तुलना में 15 गुना बढ़ी है।

उन्होंने कहा, "70 साल तक कांग्रेस ने कर्ज माफी की बात की, लेकिन कुछ नहीं किया। आज किसानों के बैंक खातों में सीधे 6,000 रुपए भेजे जा रहे हैं, जिससे उन्हें कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती।"

मुक्त व्यापार समझौतों से डेयरी क्षेत्र को नुकसान होने की आलोचना पर जवाब देते हुए शाह ने कहा कि सरकार ने डेयरी उत्पादन को कमजोर नहीं, बल्कि मजबूत किया है।

उन्होंने कहा, "सभी समझौतों में डेयरी क्षेत्र को पूरी सुरक्षा दी गई है।"

उन्होंने राहुल गांधी को इस मुद्दे पर सार्वजनिक बहस की चुनौती भी दी और उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी बहस के लिए तैयार हैं।

उनकी यह टिप्पणी हाल के व्यापार समझौतों के बीच आई है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत के बाद अमेरिका ने व्यापार समझौते की घोषणा की थी।

पिछले महीने भारत और यूरोपीय संघ ने बातचीत पूरी कर मुक्त व्यापार समझौते की घोषणा की थी।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top