राजगढ़ में जन औषधि केंद्र से मरीजों को 'संजीवनी', 90% तक सस्ती दवाएं बचा रहीं जान और पैसा

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में जन औषधि केंद्र बना मरीजों का सहारा, मरीजों को मिल रहीं 90 प्रतिशत तक सस्ती दवाइयां


राजगढ़, 15 फरवरी। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भारत सरकार के रसायन और उर्वरक मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) का लाभ अब राजगढ़ जिले के मरीजों को सीधे तौर पर मिल रहा है।

इस परियोजना के तहत लोगों को 50 से लेकर 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं। सस्ती दवाइयों से राहत महसूस कर रहे मरीजों ने नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

राजगढ़ जिला अस्पताल परिसर में स्थित जन औषधि केंद्र पर कैंसर, मधुमेह और हृदय रोग से संबंधित दवाएं बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। यही कारण है कि हर दिन बड़ी संख्या में मरीज यहां दवाइयां लेने पहुंच रहे हैं और अपनी चिकित्सा लागत में भारी बचत कर रहे हैं।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा ने योजना की सराहना करते हुए आईएएनएस से बताया कि यह भारत सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। दवाइयों की कमी के समय जन औषधि केंद्र एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आता है।

उन्होंने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब भी उन्हें दवाइयों की आवश्यकता होती है, वे यहीं से दवाइयां लेते हैं। उनके अनुसार, जो दवाई बाजार में लगभग 100 रुपए में मिलती है, वही यहां 10 से 35 रुपए के बीच उपलब्ध हो जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार की हर योजना जनहित को ध्यान में रखकर बनाई जाती है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उसका लाभ मिल सके।

मरीजों ने भी अपने अनुभव साझा किए। रोजड़ खुर्द निवासी पवन सेन ने बताया कि जो सिरप बाजार में 125 रुपए का मिलता है, वही जन औषधि केंद्र पर मात्र 25 रुपए में मिला, जिससे उन्हें 100 रुपए की बचत हुई। वहीं कुंदन गौड़ ने बताया कि जो दवाई वह पहले 130 रुपए में खरीदते थे, अब वही 60 रुपए में मिल रही है और गुणवत्ता भी बेहतर है।

फार्मासिस्ट रघुवीर सिंह गुर्जर के अनुसार केंद्र पर लगभग सभी प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं और मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोग यहां से दवाइयां खरीदने आ रहे हैं।

वहीं अब्दुल नाम के एक मरीज ने कहा कि यहां दवाइयां बाजार से लगभग आधी कीमत पर मिलती हैं और वे लंबे समय से इस केंद्र से जुड़े हुए हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,247
Messages
7,279
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top