महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ में बम-बम भोले की गूंज, चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच उमड़ा भक्तों का सैलाब

वाराणसी में बम-बम की गूंज, चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच भक्त कर रहे अपने आराध्य के दर्शन


वाराणसी, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के साथ देशभर के मंदिर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे हैं। भक्त ब्रह्म मुहूर्त से अपने आराध्य के दर्शन के लिए लाइनों में लगे हैं, लेकिन भारी भीड़ देखकर भी भक्तों का जोश कम नहीं हो रहा है।

वाराणसी और देवघर में दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी लाइन लगी हैं। काशी विश्वनाथ में बाबा का मोरपंख के साथ शृंगार किया गया और पूरा परिसर ही हर-हर महादेव के जयकारों के उद्घोष से गूंज उठा है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर एसडीएम शंभू शरण ने आईएएनएस से कहा, "काशी के लोगों में इस त्योहार को लेकर जबरदस्त उत्साह है। सुबह से ही श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के प्रांगण में लंबी कतारों में खड़े होकर प्रार्थना कर रहे हैं और दर्शन प्राप्त कर रहे हैं। अभी तक 40 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेडिकल की सारी व्यवस्थाएं की गई हैं।"

मौके पर तैनात डीसीपी गौरव बंसवाल ने कहा, "लाखों श्रद्धालु आ चुके हैं और उनके दर्शन की सुविधा के लिए व्यवस्था की गई है। भारी भीड़ के कारण, व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए कतारें बनाई गई हैं। घाटों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और नावों से निगरानी की जा रही है।" ॉ

वहीं पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा, "यह महाशिवरात्रि का पवित्र त्योहार है और कल रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई हैं। सभी पुलिस बल यहां तैनात हैं। मंदिर परिसर के चारों ओर बैरिकेड लगा दिए गए हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है कि किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो। निगरानी रखने के लिए 300 कैमरे लगाए गए हैं और दिन बढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती जा रही है। ड्रोन की मदद से भी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाया गया है।"

बाबा के दर्शन करने आए श्रद्धालु ने बताया, "हम कल रात यहां पहुंचे और आधी रात के आसपास स्नान करने के बाद कतार में लग गए। हमें सुबह लगभग 4:30 से 5:00 बजे के बीच दर्शन हुए।" एक अन्य श्रद्धालु ने बताया, "आज काशी में खुशहाली ही खुशहाली है; दर्शन के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है, लेकिन व्यवस्था बहुत अच्छी है। दर्शन बिना किसी हड़बड़ी के कराए जा रहे हैं। भक्त बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद पाकर बहुत खुश नजर आए।

वही देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में बाबा के प्रेम में रंगे भक्त 4 घंटे लाइन में लगकर दर्शन के लिए आ रहे हैं। दर्शन करने आए श्रद्धालु ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में बहुत भीड़ है और चार घंटे से दर्शन के लिए लाइन में लगे हैं, लेकिन मंदिर में व्यवस्था अच्छी की गई है; हर किसी को बाबा पर जल अर्पित करने का मौका दिया जा रहा है। माना जा रहा है कि मंदिर में दर्शन के लिए डेढ़ लाख से अधिक भक्त आ सकते हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,247
Messages
7,279
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top