बुरहानपुर को CM मोहन यादव की सौगात: कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से बढ़ेगा औद्योगिक विकास

बुरहानपुर में होगी कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव: सीएम मोहन यादव


बुरहानपुर, 14 फरवरी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुरहानपुर को लगभग सात सौ करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देते हुए ऐलान किया है कि आगामी समय में बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी।

दरअसल, राज्य में क्षेत्रीय स्तर पर औद्योगिक विकास के लिए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। अब तक राज्य में सागर, जबलपुर, रीवा सहित कई अन्य स्थानों पर इस तरक की काॅन्क्लेव हो चुकी है। मुख्यमंत्री यादव ने शनिवार को बुरहानपुर में विकास कार्यों की सौगात देते हुए बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की।

उन्होंने बुरहानपुर में केला उत्पादक किसानों के हित में वैल्यू एडिशन, भण्डारण एवं प्रसंस्करण के लिए इकाई स्थापित करने और बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में नगर परिषद शाहपुर को परीक्षण उपरांत नगर पालिका का दर्जा दिया जाएगा। बुरहानपुर में वारकरी समुदाय का कीर्तन केंद्र बनाया जाएगा।

उन्होंने खामनी से दही हांडी तक, खामनी से रायगांव एवं शाहपुर से सुखपुरी तक सड़क बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कृषि से लेकर कपड़ा निर्माण तक, दवा से लेकर फर्नीचर उद्योग तक, पाइप निर्माण से लेकर कृषि उपकरण निर्माण तक बुरहानपुर का जवाब नहीं। यह जिला पावरलूम उद्योग का प्रमुख केन्द्र है और कपड़ा उत्पादन के कारण बुनकरों के शहर के रूप में बुरहानपुर के नाम से विख्यात है।

उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग की बढ़ती मांग के कारण यहां कपास की खेती भी बड़े पैमाने पर की जाती है। यह खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ उद्योगों को भी मजबूती देती है। यहां का केला उत्पादन, फसल विविधता और परिश्रमी किसान, यही हमारे कृषक कल्याण वर्ष की असली ताकत हैं। केला और कपास जैसे प्रमुख उत्पादों के लिए प्रोसेसिंग, भंडारण और निर्यात सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
7,247
Messages
7,279
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top