'यह रिश्ता मंजूर नहीं' कहने वाले दलीप ताहिल का वैलेंटाइन पर माफीनामा: दुश्मन को हुआ प्यार

[IMG size="449x337" alt=""आज कोई साजिश नहीं," 90 के दशक के विलेन दलीप ताहिल ने मांगी सभी प्रेम करने वालों से 'माफी'"]https://d2lnbwhcsmj8tp.cloudfront.net/thumbnails/202602143672890.jpg[/IMG]

मुंबई, 14 फरवरी। वैलेंटाइन डे के मौके पर जहां हर तरफ प्यार की हवा बह रही है, वहीं 90 के दशक में अपने डायलॉग से दर्शकों को डराने वाले विलेन दलीप ताहिर सार्वजनिक माफी मांग रहे हैं।

अभिनेता का कहना है कि वे दशकों से प्यार के दुश्मन बने रहे लेकिन मोहब्बत बहुत प्यारी चीज है। उन्होंने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया है।

दलीप ताहिल ने अपने उन सारे निगेटिव किरदारों के लिए मजेदार अंदाज में माफी मांगी है जिनमें वे प्यार के दुश्मन बने। उन्होंने सोशल मीडिया पर माफीनामा पोस्ट कर लिखा, "वैलेंटाइन डे पर, मैं, दलीप ताहिल, प्रेम का सबसे बड़ा दुश्मन होने के लिए तहे दिल से माफी मांगता हूं। दशकों से, जब भी रोमांस पनपता, मैं ब्लेजर पहनकर आता और कहता, "यह रिश्ता मुझे मंज़ूर नहीं है।" मैंने शादियां रोकीं (कभी-कभी जल्दबाजी में भी), बैंक बैलेंस चेक किए, ब्लैंक चेक लिखे और खानदान की तथाकथित इज्जत की रक्षा ऐसे की जैसे वह कोई परमाणु कोड हो।"

उन्होंने आगे लिखा, "मुझे अपने उन कार्यकलापों, ब्लैकमेलिंग और साजिशों पर पछतावा है, उन सभी जोड़ों के लिए जिन्हें मैंने धमकाया, अगवा किया या भावनात्मक रूप से तोड़ दिया। यह मेरी गलती है और आज प्रेम सुरक्षित है, कोई गुंडे नहीं, कोई बुरी साजिश नहीं। आधी रात तक, यह माफीनामा समाप्त हो जाएगा, इसलिए मजे करो।" फैंस भी अभिनेता का अनोखा पोस्ट देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं लेकिन साथ ही माफीनामा एक्सेप्ट भी कर रहे हैं।

दलीप ताहिल ने 90 के दशक में कई निगेटिव रोल किए और उनके डायलॉग भी मशहूर हुए। आमिर खान की फिल्म 'क़यामत से क़यामत तक' में उन्होंने धनराज सिंह का रोल प्ले किया था और राज और रश्मि को अलग करने की साजिश भी रची थी। फिल्म 'इश्क' में अभिनेता जूही चावला के पिता बने थे और अपनी शान और बैंक बैलेंस की वजह से आमिर और जूही की शादी के खिलाफ थे। लगभग हर फिल्म में उनका किरदार डराने वाला था, यही वजह है कि उन्हें ओजी विलेन कहकर बुलाया जाता है, हालांकि उनके सोशल मीडिया पोस्ट उनके किरदारों से उलट बिल्कुल ही फनी होते हैं।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,086
Messages
15,123
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top