'किससे सुरक्षा मांगे, जो हत्या करना चाहते हैं', सीएम योगी के बयान पर फूटा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का गुस्सा

'किससे सुरक्षा मांगे, जो हत्या करना चाहते हैं', सीएम योगी के बयान पर फूटा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का गुस्सा


वाराणसी, 14 फरवरी। माघ मेले में स्नान के लिए रोके जाने के बाद उत्तर प्रदेश प्रशासन और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बीच तकरार जारी है। अब अविमुक्तेश्वरानंद ने सीएम योगी द्वारा सदन में दिए शंकराचार्य होने के बयान पर निशाना साधा है और पूछा है कि वे खुद क्यों मुख्यमंत्री लगाते हैं।

उन्होंने सुरक्षा मांगने के सवाल पर भी तीखा रुख अपनाया। मुख्यमंत्री योगी के उत्तर प्रदेश विधानसभा में दिए 'हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं हो सकता' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मीडिया से कहा, "वे कैसे हो सकते हैं? उन्हें ही स्पष्ट करना चाहिए। उनके अनुसार शंकराचार्य क्या होता है, यह उन्हें ही स्पष्ट करना चाहिए। क्या केवल उन्हीं को शंकराचार्य माना जाएगा जो उनका समर्थन करते हैं? सनातन धर्म की बात करने वाला शंकराचार्य नहीं होता। यह कैसी परिभाषा है? ऐसी परिभाषा तो कभी रही ही नहीं।"

उन्होंने आगे कहा, "सनातन धर्म में शंकराचार्य वही है जो धर्म की बात करे और सत्य के मार्ग पर चले। गोवंश और सनातन धर्म की रक्षा करे। अब उनकी नजरों में ये सब कौन कर रहा है? दूसरी बात ये मेरा सवाल सीएम योगी से है कि वो अपने आप को मुख्यमंत्री लिखेंगे कि नहीं लिखेंगे। उनके बयान से साफ है कि जिसको वो प्रमाणपत्र देंगे, वही शंकराचार्य होगा। हमारे धर्म में कभी ऐसी प्रथा नहीं रही कि मुख्यमंत्री बता रहे हैं कि कौन शंकराचार्य है और कौन नहीं। ये बहुत आपत्तिजनक बात है क्योंकि लोकतंत्र के मंदिर में ऐसी बातें बोली जा रही हैं। जिनको सीएम शंकराचार्य मानते हैं, उन्हें खुद कोर्ट ने रोक रखा है।"

सीएम योगी पर हमला बोलते हुए अविमुक्तेश्वरानंद ने आगे कहा, "धर्म में राजनीति का हस्तक्षेप बहुत छोटी बात है। मगरमच्छ ने धार्मिक क्षेत्र को निगलने के लिए अपना मुंह चौड़ा खोल दिया है, इसे हड़पने और खुद को धार्मिक सत्ता के रूप में स्थापित करने के लिए। हिंदू धर्म में खिलाफत प्रणाली लाई जा रही है, जहां शासक स्वयं ही धार्मिक गुरु होगा, और हमें अलग-अलग धार्मिक सत्ताओं की आवश्यकता नहीं रहेगी। इसीलिए शंकराचार्यों पर हमले हो रहे हैं। सनातन धर्मियों को इसे समझना और अपनी रक्षा करना आवश्यक है।"

सुरक्षा बढ़ाने के सवाल पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, "हमें सुरक्षा किससे मांगनी चाहिए? क्या हमें उनसे सुरक्षा की भीख मांगनी चाहिए जो हमें मारना चाहते हैं? जो गो हत्या में शामिल हैं, उनसे सुरक्षा मागें। यूपी की पुलिस हमपर हमला कर रही है, तो हम किससे मांग करें? इसलिए हमारी सुरक्षा सनातनधर्मी करेंगे, भगवान करेगा और सत्य करेगा। हमेशा कहा गया है, जाको राखे साइयां, मार सके न कोय। बाल न बांका कर सके, जो जग बैरी होय।"
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top