"द वॉल" का सम्मान! चिन्नास्वामी में अपने नाम पर स्टैंड देख भावुक हुए राहुल द्रविड़, बोले - मेरा दूसरा घर

'एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम मेरे लिए दूसरा घर', अपने नाम पर स्टैंड की घोषणा से राहुल द्रविड़ हुए भावुक


बेंगलुरु, 14 फरवरी। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दो स्टैंड का नाम राज्य के दो बड़े क्रिकेटरों राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले के नाम पर रखने का फैसला किया है। यह फैसला केएससीए के नवनियुक्त अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने लिया है जो द्रविड़ और कुंबले के साथ टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं।

एम. चिन्नास्वामी में अपने नाम पर स्टैंड का नाम रखे जाने के फैसले के बाद राहुल द्रविड़ शुक्रिया व्यक्त करते हुए काफी भावुक नजर आए। एक इवेंट में उन्होंने कहा, "करियर के शुरुआती दिनों में यह मैदान मेरे लिए दूसरे घर जैसा था। मैं घर से ज्यादा समय यहां बिताता था। बहुत खुशी और बड़ी निराशा दोनों का अनुभव इस मैदान पर हुआ है।"

द्रविड़ ने कहा, "मैं आज जो कुछ भी हूं उसमें इस जगह का सबसे बड़ा योगदान है। इस ग्राउंड ने मेरी जिंदगी में जो कुछ भी दिया है उसे बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है।"

इस अवसर पर द्रविड़ ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि कैसे पिता के साथ ग्राउंड पर जाने से क्रिकेट के साथ उनका जिंदगी भर का रिश्ता बना और उसके बाद के सफर को दिशा मिली।

द्रविड़ ने कहा, "मैं सच में शुक्रगुजार हूं कि वेंकटेश प्रसाद और उनकी कमेटी ने मेरे नाम पर एक स्टैंड का नाम रखने का सोचा। मुझे पता है कि यह बहुत मायने रखेगा। यह मेरे परिवार के लिए बहुत बड़ी बात होगी। मेरे पिता, आप में से बहुत से लोग जानते होंगे, खेल से प्यार करते हैं। और खेल के लिए जो प्यार मुझमें है, उसे बनाने में उनका बहुत बड़ा हाथ है। वह मुझे यहां कई मैचों में ले आए, सिर्फ टेस्ट मैच ही नहीं बल्कि रणजी ट्रॉफी के मैच भी। जब भी वह छुट्टी लेते, तो वह मुझे हर मैच में कम से कम एक दिन क्रिकेट खेलने के लिए लाते थे, जब मैं छोटा बच्चा था। मुझे लगता है कि आज उन्हें यह जानकर बहुत गर्व होगा कि उनके बेटे के नाम पर एक एंड का नाम रखा गया है।"

मीडिया रिलीज में कुंबले के हवाले से कहा गया, "मुझे नहीं लगता कि यह कहना गलत होगा कि हमारे सभी योगदानों ने कर्नाटक क्रिकेट को वह बनाया है जो वह है, ठीक वैसे ही जैसे कर्नाटक क्रिकेट ने हम सभी को बनाया है। यह असल में इस बारे में नहीं है कि किसका नाम किस स्टैंड पर है। यह सच में खास है कि सभी योगदानों को पहचान मिली है और अब वे स्टेडियम में हमेशा के लिए अंकित हो गए हैं।"

राहुल द्रविड़ और कुंबले का नाम भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार हैं। दोनों भारतीय टीम के कप्तान भी रहे हैं। राहुल द्रविड़ टेस्ट और वनडे में सचिन तेंदुलकर के बाद 10,000 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीता था। वहीं अनिल कुंबले ने भारत की तरफ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
13,634
Messages
13,671
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top