गुजरात: सीएम भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में हरी झंडी दिखाकर ई-बसों की शुरुआत की, हरित परिवहन की दिशा में बड़ा कदम

गुजरात: सीएम भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में हरी झंडी दिखाकर ई-बसों की शुरुआत की, हरित परिवहन की दिशा में बड़ा कदम


अहमदाबाद, 13 फरवरी। गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शहर के लिए नियोजित 225 इलेक्ट्रिक बसों के शुभारंभ का पहला चरण है।

अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये ई-बसें अब अहमदाबाद म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एएमटीएस) के बेड़े में शामिल होकर शहरवासियों को प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी। फिलहाल, 28 इलेक्ट्रिक बसें अहमदाबाद पहुंच चुकी हैं, जिनमें से पांच बसों को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर संचालन शुरू किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल स्वयं बस में सवार हुए और अंदर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई विधायक, पदाधिकारी और अहमदाबाद की मेयर भी बस में मौजूद रहीं। बसों में आधुनिक सुरक्षा प्रणाली, आरामदायक सीटें और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।

एएमटीएस के चेयरमैन धर्मशी देसाई ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि यह पहली बार है जब एएमटीएस के बेड़े में ई-बसें शामिल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुल 225 इलेक्ट्रिक बसें चरणबद्ध तरीके से लाई जाएंगी। अभी 28 बसें आ चुकी हैं और मार्च माह तक सभी बसों के पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल, पांच बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि अभी तक शहर में डबल डेकर और सीएनजी बसों का संचालन हो रहा था, लेकिन आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों में परिवर्तित करने की योजना है। इस पहल से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी अधिक आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनेगी।

एक अलग कार्यक्रम में अहमदाबाद नगर निगम ने नगर निगम स्कूल बोर्ड की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 'शताब्दी शिक्षा महोत्सव' का आयोजन किया।

नवरंगपुरा में मुख्यमंत्री ने 10.61 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नवनिर्मित स्कूल बोर्ड भवन का उद्घाटन किया। चार मंजिला इस भवन में शिक्षा समिति के सभी 18 विभाग एक ही छत के नीचे स्थित होंगे।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,021
Messages
14,058
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top