नोएडा साइबर क्राइम टीम ने रामपुर से दबोचा शातिर ठग, व्हाट्सएप पर निवेश का झांसा देकर लूटे करोड़ों

साइबर क्राइम टीम ने रामपुर से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार


नोएडा, 13 फरवरी। नोएडा पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपए ठगने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप पर फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन स्टोर चलाने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देता था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह द्वारा अब तक करोड़ों रुपए की ठगी की जा चुकी है। साइबर क्राइम नोएडा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी शहनवाज पुत्र शमशाद अहमद को जनपद रामपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी रामपुर जिले के थाना शहजाद नगर क्षेत्र के नौंगावा गांव का रहने वाला है।

गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और 26 पन्नों की कॉलिंग डाटा शीट बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप पर फर्जी निवेश संबंधी लिंक भेजकर लोगों को ऑनलाइन स्टोर में पैसा लगाने के लिए प्रेरित करता था। शुरुआत में मामूली रिटर्न दिखाकर विश्वास जीतता और बाद में बड़ी रकम निवेश करवाकर रकम हड़प लेता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता भी उपलब्ध कराता था, जिसके बदले वह कमीशन लेता था। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के थाना नासिक सिटी में भी मुकदमा दर्ज है। जिस बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया, उसके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में कुल 15 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें महाराष्ट्र में तीन, आंध्र प्रदेश में एक, दिल्ली में दो, गुजरात में एक, तेलंगाना में दो, उत्तर प्रदेश में दो, हिमाचल प्रदेश में एक, केरल में एक और कर्नाटक में दो शिकायतें शामिल हैं।

इन खातों में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए की संदिग्ध धनराशि प्राप्त हुई है। इस मामले में थाना साइबर क्राइम, गौतमबुद्धनगर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

साइबर क्राइम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से आने वाले किसी भी फर्जी निवेश प्रस्ताव पर विश्वास न करें। किसी अनजान लिंक को क्लिक न करें और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता उपलब्ध न कराएं। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top