कोलंबो, 13 फरवरी। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मुकाबले को 23 रन से जीता। शुक्रवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुए इस बड़े उलटफेर ने दुनिया को चौंका दिया है। महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए जिम्बाब्वे टीम के साथ ब्लेसिंग मुजारबानी को सराहा है।
मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "जिम्बाब्वे की तरफ से यह एक स्टेटमेंट जीत है। ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराना जबरदस्त जज्बे को दर्शाता है। बेशक, ब्लेसिंग असल मायनों में अपने नाम की तरह ही 'ब्लेसिंग' साबित हुए, शानदार 4 विकेट की गेंदबाजी के साथ। यह टूर्नामेंट वाकई बेहद रोमांचक रूप लेता जा रहा है।"
जिम्बाब्वे की फील्डिंग को सराहते हुए, भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने कहा, "जिम्बाब्वे की तरफ से यह जबरदस्त प्रदर्शन है। बैटिंग और बॉलिंग बहुत अच्छी रही है, लेकिन टोनी मुनयोंगा की फील्डिंग ने विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ा दिया। उन्होंने कम से कम 12-15 रन बचाए हैं और डीप मिड विकेट पर एक शानदार कैच लेकर मैच खत्म किया है। जब ग्राउंड का साइज सही होता है, तो क्रिकेटिंग स्किल्स सच में सामने आती हैं, जिससे खेल के सभी पहलुओं को मौका मिलता है। मुझे वाकई पसंद आया कि इस टी20 वर्ल्ड कप में पिचें कितनी संतुलित रही हैं।"
शुक्रवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इस टीम के लिए ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदों में 64 रन की नाबाद पारी खेली। रयान बर्ल और तदिवानाशे मारुमानी ने 35-35 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.3 ओवरों में 146 रन पर सिमट गई। मैट रेनेशॉ ने 44 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 65 रन की पारी खेली, जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। जिम्बाब्वे की तरफ से ब्लेसिंग मुजारबानी ने 4 ओवरों में 17 रन देकर 4 विकेट निकाले।
टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत के साथ जिम्बाब्वे ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 2 में से 1 मैच गंवाकर तीसरे स्थान पर है।