टी20 विश्व कप 2026: आज के तीन महामुकाबले बदलेंगे अंकतालिका के समीकरण, दांव पर आगे की राह

टी20 विश्व कप 2026 : आगे की राह तय करने में अहम होंगे आज के तीन मुकाबले


नई दिल्ली, 13 फरवरी। टी20 विश्व कप 2026 में शुक्रवार को तीन महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। अलग-अलग ग्रुप की टीमें मैदान पर उतरेंगी और अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगी।

पहला मुकाबला ग्रुप बी का है, जो कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगे। यह टूर्नामेंट का 19वां मुकाबला है। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 11:00 बजे शुरू होगा।

दोनों टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। ऑस्ट्रेलिया ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को 67 रनों से हराया था। वहीं जिम्बाब्वे ने ओमान को 8 विकेट से मात दी थी। ऐसे में यह मुकाबला ग्रुप बी में शीर्ष स्थान के लिए अहम साबित हो सकता है।

दूसरा मैच ग्रुप डी का है, जो दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात के बीच होगा। भारतीय समयानुसार मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा।

दोनों टीमों को अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। कनाडा को दक्षिण अफ्रीका ने 57 रनों से हराया था। वहीं संयुक्त अरब अमीरात को न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 विकेट से हार मिली थी। इस मुकाबले में हारने वाली टीम के लिए अगले दौर की राह मुश्किल हो सकती है।

तीसरा मुकाबला संयुक्त राज्य अमेरिका और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा।

नीदरलैंड ने पाकिस्तान से हारने के बाद अपने दूसरे मैच में नामिबिया को हराया था। वहीं, संयुक्त राज्य अमेरिका की टीम अब तक अपने दोनों मुकाबले हार चुकी है। पहले मैच में भारत के खिलाफ उसे 29 रनों से हार मिली थी, जबकि दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने 32 रनों से शिकस्त दी थी। यदि अमेरिका को इस मैच में भी हार का सामना करना पड़ा तो उसके लिए अगली स्टेज में पहुंचना लगभग असंभव हो जाएगा।

इस तरह शुक्रवार का दिन टूर्नामेंट के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि कई टीमों के लिए यह मुकाबले आगे की राह तय करेंगे।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top