नई दिल्ली, 12 फरवरी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए दावा किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों के हितों के लिए लड़ती आई है, लेकिन वर्तमान सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है।
राहुल गांधी ने बताया, "मैंने संसद में कहा कि किसान हिंदुस्तान की नींव हैं। केंद्र सरकार ने हमारे किसानों को धोखा दिया है। अमेरिका के साथ डील करके उन्होंने कपास, सोया और सेब के किसानों को बेच दिया है। हिंदुस्तान के कृषि बाजार पर सालों से विदेश के लोग कब्जा पाने की कोशिश कर रहे हैं और सरकार ने उनके लिए दरवाजा खोला है।
उन्होंने कहा, "मक्का, कपास, सोयाबीन और फल सिर्फ शुरुआत हैं। पीएम मोदी पूरी कृषि मार्केट के दरवाजे अपने उद्योगपति मित्रों और विदेशी ताकतों के लिए खोलेंगे। पूरा देश जानता है कि सरकार किसान विरोधी है। पहले भी वो काले कानून लाए, अब विदेशी ताकतों के लिए दरवाजा खोल दिया है। अमेरिका के किसानों के पास बड़े-बड़े खेत होते हैं। यह क्षेत्र पूरी तरह मैकेनाइज्ड होता है और उन्हें सरकार सब्सिडी देती है। वहीं हमारे किसानों के खेत छोटे होते हैं और सही एमएसपी नहीं मिलती है।"
राहुल गांधी ने कहा, "केंद्र ने देश और किसानों को बेच दिया है। सरकार मेरे ऊपर केस डाले, गाली दे, जो भी करना चाहे करे, लेकिन इन सभी से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमने संसद में सच्चाई बोली है, अगर सरकार को सच्चाई अच्छी नहीं लगती तो वह दूसरी बात है। देश सच्चाई को समझता है। सरकार कुछ भी कर ले, लेकिन मैं किसानों के साथ खड़ा हूं और इंच भी पीछे नहीं हटूंगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मैं, और पूरी कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़े हैं। हम यह अन्याय नहीं होने देंगे।"
उन्होंने लिखा, "एफआईआर हो, मुकदमा दर्ज हो या विशेषाधिकार प्रस्ताव लाएं, मैं किसानों के लिए लड़ूंगा। जो भी ट्रेड डील किसानों की रोजी-रोटी छीने या देश की खाद्य सुरक्षा को कमजोर करे, वह किसान-विरोधी है। अन्नदाताओं के हितों से किसान-विरोधी मोदी सरकार को समझौता नहीं करने देंगे।"