रांची में तेज रफ्तार गाड़ियों का कहर: तीन दिनों में तीन बड़े हादसे, एक दर्जन से ज्यादा लोगों को रौंदा

रांची में तेज रफ्तार गाड़ियों का कहर: तीन दिनों में तीन बड़े हादसे, एक दर्जन से ज्यादा लोगों को रौंदा


रांची, 12 फरवरी। रांची में व्यस्त इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले तीन दिनों के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन बड़े सड़क हादसों ने यातायात सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

ताजा मामला कोकर इलाके का है, जहां गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो से भिड़ने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क डिवाइडर से जा टकराई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लालपुर थाना पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में नियंत्रित किया गया। इससे एक दिन पहले चुटिया थाना क्षेत्र के साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के पास बुधवार देर रात एक अनियंत्रित एसयूवी (थार) ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को रौंद डाला। हादसे में 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं, 10 फरवरी को कचहरी इलाके में एक और सनसनीखेज घटना सामने आई थी। विवाद के बाद एक युवक तेज रफ्तार कार से भागने के दौरान कई वाहनों को टक्कर मारता हुआ करीब 10 किलोमीटर तक भागता रहा।

पुलिस ने पीछा कर कटहल मोड़ के पास उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने एक पुलिसकर्मी को रौंदने का प्रयास किया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को नौ राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान चालक इश्तियाक घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लगातार हो रहे इन हादसों से शहरवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

इस बीच रांची पुलिस ने नशा पीकर गाड़ी ड्राइव करने के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,573
Messages
8,605
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top