जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने पर बड़ा निवेश: सरकार ने 76 करोड़ से अधिक खर्च कर बताई अपनी प्राथमिकता

केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देना प्राथमिकता: जम्मू-कश्मीर सरकार


श्रीनगर, 12 फरवरी। जम्मू-कश्मीर सरकार ने गुरुवार को बताया कि पिछले दो वर्षों में केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 76 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए हैं। इसमें से 29 करोड़ रुपए जम्मू संभाग और 27 करोड़ रुपए कश्मीर संभाग में खर्च किए गए।

सरकार ने विधानसभा में जानकारी दी कि यह खर्च वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान दोनों संभागों में किया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक युद्धवीर सेठी के प्रश्न के उत्तर में सरकार ने बताया कि जम्मू संभाग में वर्ष 2024-25 के दौरान 16 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए, जबकि वर्ष 2025-26 में अब तक 12 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं।

कश्मीर संभाग में पर्यटन विभाग ने वर्ष 2024-25 में 14 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में जनवरी 2026 तक 13 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। सरकार ने कहा कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश में यात्रियों का भरोसा बहाल करने और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एग्रेसिव डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया कैंपेन और प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। सरकार ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के टूरिज्म पोटेंशियल को दिखाने के लिए विभाग ने 10 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल मार्ट में भी हिस्सा लिया।

सकारात्मक प्रचार के लिए बॉलीवुड सेलिब्रिटी को 28-30 जून और 2-6 जुलाई, 2025 के बीच जम्मू संभाग में फेमिलियराइजेशन (एफएएम) टूर के लिए बुलाया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्टेकहोल्डर्स से बातचीत की।

सरकार ने विधानसभा को आगे बताया कि 17-18 जनवरी, 2026 को भद्रवाह में विंटर स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित किए गए, जबकि 8 फरवरी को सरताल में एक और इवेंट आयोजित किया गया। वर्ष 2025-26 में भद्रवाह और बसोहली/सरताल में विंटर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए तीन करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया गया है।

इसके अलावा, सरकार ने कहा कि श्री अमरनाथ जी यात्रा और अन्य पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए जम्मू क्षेत्र में 78 प्रचारात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें होर्डिंग, अखबार, रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार शामिल है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top