खुशखबरी! तेज हवाओं से एनसीआर को मिली राहत, प्रदूषण घटा, एक्यूआई येलो और ऑरेंज जोन में पहुंचा

तेज हवाओं से एनसीआर को राहत, एक्यूआई में आंशिक सुधार, येलो और ऑरेंज जोन में वायु गुणवत्ता सूचकांक


नोएडा, 12 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बीते दिनों चली तेज हवाओं का असर अब वायु गुणवत्ता पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदूषण के स्तर में आंशिक सुधार दर्ज किया गया है और कई इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) रेड जोन से निकलकर येलो और ऑरेंज जोन में पहुंच गया है।

प्रदूषण अभी भी पूरी तरह से नियंत्रण में नहीं है, लेकिन हालात पहले से बेहतर माने जा रहे हैं।

दिल्ली में अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के मुताबिक, बवाना में एक्यूआई 259 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज जोन में है। अशोक विहार में 220 और आनंद विहार में 218 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज क्षेत्र में 202 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, अलीपुर में 181, बुराड़ी क्रॉसिंग में 169, चांदनी चौक में 162, सीआरआरआई मथुरा रोड पर 171 और डीटीयू क्षेत्र में 169 एक्यूआई दर्ज किया गया। आया नगर में एक्यूआई 160 रहा। सभी इलाके येलो से ऑरेंज जोन की श्रेणी में बने हुए हैं।

नोएडा में भी वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 190, सेक्टर-62 में 170, सेक्टर-1 में 190 और सेक्टर-116 में 175 दर्ज किया गया। ये सभी आंकड़े येलो जोन के आसपास हैं, जो मध्यम श्रेणी की वायु गुणवत्ता को दर्शाते हैं। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 225 और वसुंधरा में 230 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज जोन में है। वहीं, संजय नगर में एक्यूआई 139 रहा, जो अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति को दर्शाता है और येलो जोन में आता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। 12 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। जबकि, 13 फरवरी को 27/12 डिग्री और 14 फरवरी को 28/13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्की धुंध की स्थिति बनी रह सकती है। फिलहाल किसी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि तेज हवाओं के चलते प्रदूषक कणों का फैलाव हुआ है, जिससे एक्यूआई में सुधार देखने को मिला है। यदि हवा की गति कम होती है तो प्रदूषण स्तर दोबारा बढ़ सकता है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top