टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का जोरदार आगाज, एलिस-जांपा के 8 विकेट से आयरलैंड को 67 रन से रौंदा

टी20 वर्ल्ड कप: एलिस-जांपा ने मिलकर निकाले 8 विकेट, ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 67 रन से रौंदा


कोलंबो, 11 फरवरी। ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने बुधवार को आयरलैंड के विरुद्ध आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को 67 रन से अपने नाम किया।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया है। इस टीम का नेट रन रेट +3.350 है, जबकि अपने-अपने पहले मैच जीतने के बाद जिम्बाब्वे (+2.702) और श्रीलंका (+1.000) क्रमशः दूसरे और तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 6 विकेट खोकर 182 रन बनाए। इस टीम को कप्तान ट्रेविस हेड (6) के रूप में 7 के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद कैमरून ग्रीन ने जोश इंगलिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 49 रन की साझेदारी की।

ग्रीन 11 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 6 चौके शामिल रहे। इसके बाद मैट रेनेशॉ ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 33 गेंदों में 2 चौकों के साथ 37 रन बनाए, जबकि जोश इंगलिस 17 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इनके अलावा, मार्कस स्टोइनिस ने 29 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 45 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी टीम की तरफ से मार्क अडायर ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि मैथ्यू हम्फ्रीज, जॉर्ज डॉकरेल और हैरी टेक्टर ने 1-1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में आयरलैंड की टीम 16.5 ओवरों में 115 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 43 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे। यहां से लॉरेन टकर ने मोर्चा संभाला। टकर ने 27 गेंदों में 24 रन की पारी खेली, जबकि डॉकरेल ने 29 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 41 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन एलिस और एडम जांपा ने 4-4 विकेट निकाले, जबकि मैथ्यू कुहनेमन ने 1 विकेट हासिल किया।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
5,965
Messages
5,997
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top