दुनिया की सबसे बड़ी सोन डूंग गुफा में 'सिला' ने रचा इतिहास, पहली बॉलीवुड फिल्म का बेजोड़ शूटिंग अनुभव

सोन डूंग गुफा में शूटिंग करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बनी 'सिला', सादिया खतीब ने शेयर किया अनुभव


मुंबई, 11 फरवरी। अभिनेत्री सादिया खातिब जल्द ही फिल्म 'सिला' में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग हाल ही में खत्म हुई है। इसकी शूटिंग का बड़ा हिस्सा वियतनाम में पूरा हुआ, जहां दुनिया की सबसे बड़ी सोन डूंग नाम की गुफा में कुछ सीन फिल्माए गए।

अभिनेत्री ने बताया कि शूटिंग के सबसे यादगार पल डूंग गुफा में बिताए गए थे। उन्होंने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, "शूटिंग के सबसे यादगार पल दुनिया की सबसे बड़ी गुफा सोन डूंग में गुजारे गए थे। हमने गुफा में चार दिन बिताए। वहां कोई फोन नेटवर्क नहीं था, बिजली नहीं थी, बिस्तर नहीं था। हम टेंट में सोया करते थे। यह अनुभव बहुत रोमांचक था क्योंकि हम पहली बॉलीवुड फिल्म क्रू थे जो इस गुफा में शूटिंग कर रहे थे।"

उन्होंने आगे बताया कि गुफा का अपना अलग इकोसिस्टम है। वहां सिर्फ सपाट रास्ता नहीं था, बल्कि पहाड़ चढ़ने पड़ते थे। पूरी क्रू को रोजाना लगभग 25 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। यह एक अविस्मरणीय सफर था।

फिल्म का निर्देशन ओमंग कुमार ने किया है। अभिनेत्री ने डायरेक्टर की तारीफ करते हुए कहा, "ओमंग सर ने मुझे ऐसे शेड्स और मोमेंट्स दिए जो मैंने अपने करियर में पहले कभी नहीं किए। एक्शन, थ्रिल और एडवेंचर के अलावा उन्होंने मुझे एक्टर के तौर पर कुछ नया करने का मौका दिया। 'सिला' ने मुझे बिल्कुल नई जगह पर पहुंचाया।"

अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म का एक गाना गुलमर्ग में शूट हुआ था, जिसमें उन्हें बॉलीवुड एक्ट्रेस की तरह तैयार किया गया था। उन्होंने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, "फिल्म 'शिकारा' और 'द डिप्लोमैट' में मैंने जमीन से जुड़े किरदार किए थे, लेकिन इस फिल्म में मुझे एक बॉलीवुड की क्लासिक अभिनेत्री की तरह तैयार होने का मौका मिला। यह मेरे लिए बहुत खास सफर था, जिसके लिए मैं तहे दिल से शुक्रगुजार हूं।"

ओमंग कुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सादिया और हर्षवर्धन के अलावा, करणवीर मेहरा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top