नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़: क्रू-शिप में नौकरी के नाम पर करोड़ों ठगे, चार युवा दबोचे गए

फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, चार गिरफ्तार


नोएडा, 11 फरवरी। नोएडा के थाना साइबर क्राइम पुलिस और थाना सेक्टर-126 पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रू-शिप कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्जी दस्तावेज तथा बैंक से जुड़े कागजात बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 11 फरवरी को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-132 स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की गई। यहां से जालौन के राहुल, अलीगढ़ के प्रशांत, गौतमबुद्धनगर निवासी विशाल शर्मा और कानपुर नगर के सैफ वारिश को गिरफ्तार किया गया।

सभी अभियुक्तों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि अभियुक्त ‘सी हायर मरीन सर्विस कंपनी’ नाम से एक फर्जी कंपनी संचालित कर रहे थे। यह गिरोह देशभर में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को कॉल और ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर क्रू-शिप में आकर्षक वेतन और विदेश में नियुक्ति का लालच देता था। रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग फीस और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर प्रति अभ्यर्थी 1 लाख से 1 लाख 20 हजार रुपए तक वसूले जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, इस सुनियोजित साइबर ठगी के जरिए आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों में करीब एक करोड़ रुपए जमा किए। बरामद बैंक पासबुक और खातों की जांच में केरल, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, 26 कॉलिंग डाटा शीट, 21 कॉलिंग रजिस्टर, 4 फर्जी मोहरें, 4 जॉइनिंग लेटर और बैंक से संबंधित दस्तावेज (पासबुक, एटीएम आदि) बरामद किए हैं।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के नाम पर अग्रिम शुल्क मांगने वालों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या ईमेल की सूचना तुरंत साइबर सेल को दें। आधिकारिक और प्रमाणित जॉब पोर्टल का ही उपयोग करें तथा अपनी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top