तमिल फिल्म 'रूट' से अपारशक्ति खुराना का धमाकेदार डेब्यू: बोले- करियर का बेहद खास प्रोजेक्ट, भाषा चुनौती पर किया खुलासा

तमिल डेब्यू 'रूट' को लेकर उत्साहित अपारशक्ति खुराना, बताया बेहद खास प्रोजेक्ट


मुंबई, 11 फरवरी। एक्टर अपारशक्ति खुराना तमिल फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने को तैयार हैं। फिल्म 'रूट' में वह खास अंदाज में दिखेंगे, जिसमें उनके साथ गौतम राम कार्तिक लीड रोल में हैं। अपारशक्ति ने फिल्म के बारे में बात करते हुए बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके करियर के लिए बेहद खास है।

अभिनेता ने बताया कि उन्होंने डायरेक्टर सूर्यप्रताप की एक वेब सीरीज के देखी थी, जिससे वह प्रभावित हुए। इसलिए उनके साथ काम करने का फैसला किया। अपारशक्ति ने बताया कि ‘रूट’ उनके अब तक के सभी प्रोजेक्ट से बहुत अलग है। इस फिल्म पर काम करने का अनुभव शानदार रहा।

तमिल भाषा में एक्टिंग करने की चुनौती पर अपारशक्ति ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “ऐसी भाषा में एक्टिंग करना मुश्किल है जिसमें आप सोच नहीं रहे होते। पहले इंग्लिश में सोचना पड़ता था, फिर उसे तमिल में ट्रांसलेट करना पड़ता था और उसके बाद परफॉर्मेंस देनी पड़ती थी। इससे नेचुरल बिहेवियर और अभिनय में बदलाव आ जाता था।"

फ्लोर पर आने से पहले उन्होंने कई वर्कशॉप्स कीं, जिनमें तमिल भाषा को गहराई से समझने और उसमें सहज होने में मदद मिली। आज के समय में ऑडियंस भाषा की परवाह किए बिना अच्छी कहानी और सिनेमा को अपनाने लगी है। अपारशक्ति इस बदलाव से बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया, “हम सब एक ही देश में रहते हैं। जब ऑडियंस हर भाषा के सिनेमा को पसंद करने लगी है, तो एक्टर, राइटर और डायरेक्टर को दूसरी भाषाओं में काम क्यों नहीं करना चाहिए? यह सबके लिए रोमांचक है। मैं अलग-अलग भाषाओं में काम करने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं।”

अपारशक्ति ने बताया कि ‘रूट’ से पहले भी उन्हें कुछ तमिल स्क्रिप्ट्स मिली थीं, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी। इस बार वह एक शानदार कास्ट और क्रू के साथ काम कर पाए। उनके पास एक और तमिल प्रोजेक्ट है।

अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बारे में उन्होंने बताया, "मैं अभी अपनी पहली एक्शन फिल्म, गनमास्टर जी9 की शूटिंग कर रहा हूं। इस साल मेरी एक और फिल्म रिलीज होगी, जिसका नाम बदतमीज गिल है, जो एक बिगड़े हुए पंजाबी परिवार की कहानी है जिसमें वाणी कपूर और मैं भाई-बहन के रोल में हैं और परेश रावल और शीबा चड्ढा हमारे माता-पिता का रोल करेंगे।"

फिल्म ‘रूट: रनिंग आउट ऑफ टाइम’ को सूर्यप्रताप एस ने लिखा और डायरेक्ट किया है। इसे वेरस प्रोडक्शंस के बैनर तले शेख मुजीब, राजाराजन ज्ञानसंबंदम, संजय शंकर और धनिष्ठा फर्नांडो ने प्रोड्यूस किया है। अपारशक्ति और गौतम राम कार्तिक के अलावा फिल्म में नारायण, भव्य त्रिखा, वाई जी महेंद्र, पावनी रेड्डी, लिंगा और आरजे आनंदी अहम भूमिकाओं में हैं।
 

Forum statistics

Threads
15,956
Messages
15,993
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top