धुले-भंडारा पुलिस भर्ती शुरू: 192 पदों के लिए हजारों युवाओं ने भरी हुंकार, खाकी का सपना लेकर मैदान में

धुले और भंडारा जिला पुलिस भर्ती का आगाज, 192 पदों के लिए मैदान में उतरे हजारों युवा


धुले, 11 फरवरी। धुले जिला पुलिस बल में रिक्त 133 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया का बुधवार को शहर के पुलिस मैदान पर भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्शन और उनकी प्रत्यक्ष उपस्थिति में तड़के सुबह 5 बजे से ही मैदानी चाचणी (फिजिकल टेस्ट) शुरू कर दी गई।

खाकी वर्दी का सपना लेकर पहुंचे हजारों युवाओं ने ठंड के बावजूद दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद जैसे कठिन शारीरिक परीक्षणों में अपना दमखम दिखाया। भर्ती के पहले दिन पंजीकृत उम्मीदवारों में से लगभग 65 प्रतिशत युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस प्रशासन द्वारा मैदान पर उम्मीदवारों के लिए पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए एसपी श्रीकांत धिवरे ने आधुनिक तकनीक का कड़ा पहरा लगाया है। प्रत्येक उम्मीदवार की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सबसे पहले बायोमेट्रिक्स के जरिए अंगूठे के निशान लिए जा रहे हैं, जिसके बाद शारीरिक माप और मैदानी स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और हर इवेंट की हाई-डेफिनिशन वीडियोग्राफी कराई जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

एसपी धिवरे ने स्पष्ट किया कि चयन केवल योग्यता और मेरिट के आधार पर ही होगा और यह प्रक्रिया आगामी 23 फरवरी तक निरंतर जारी रहेगी।

वहीं, भंडारा जिला पुलिस फोर्स में 59 रिक्त पद के लिए भी भर्ती प्रक्रिया चल रही है। बुधवार सुबह 5 बजे से ही परीक्षार्थी मैदान में जमा हो गए थे। कड़े सुरक्षा इंतजाम और पारदर्शिता के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले कैंडिडेट के डॉक्यूमेंट चेक किए जा रहे हैं, जिसके बाद हाइट और चेस्ट नापा जाएगा और पात्र परीक्षार्थी को फील्ड टेस्ट यानी 1,600 मीटर और 100 मीटर दौड़ के लिए भेजा जाएगा।

जिला पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन ने भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मौसम को देखते हुए एडमिनिस्ट्रेशन ने परीक्षार्थी के लिए पानी और फर्स्ट एड का इंतजाम किया है। अब सबका ध्यान इस बात पर है कि यह मुश्किल टेस्ट कौन पार करेगा और कौन खाकी वर्दी पहनेगा।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top