जामताड़ा गैंग का बेखौफ दुस्साहस! साइबर कैपिटल में एसपी को ठगने चले, योनो एसबीआई के नाम पर 4 पकड़े

झारखंड: ‘जामताड़ा गैंग’ ने एसपी को ठगने का किया प्रयास, चार आरोपी गिरफ्तार


जामताड़ा, 10 फरवरी। साइबर क्राइम का कैपिटल माने जाने वाले जामताड़ा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां साइबर अपराधियों ने जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजकुमार मेहता को ही ठगी का शिकार बनाने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अपराधियों ने योनो एसबीआई ऐप में तकनीकी समस्या का हवाला देकर एसपी से संपर्क किया था, लेकिन उनकी चाल नाकाम रही।

एसपी राजकुमार मेहता ने मंगलवार को जामताड़ा साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए योनो एसबीआई ऐप में समस्या होने की बात कही।

बातचीत के दौरान ठगी की मंशा भांपते ही एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के लखनुडीह पार्टोल रोड के समीप बांस के झुंड में छापेमारी की। यहां ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे चार साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इब्राहिम अंसारी (ग्राम पांडेडीह, थाना अहिल्यापुर, जिला गिरिडीह), हुसैन अंसारी (26 वर्ष), शाकिर अंसारी उर्फ लालू और सिराज अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार साइबर अपराधियों ने बयान में बताया कि वे योनो एसबीआई ऐप को चालू कराने या उसमें समस्या दूर करने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे।

एसपी ने बताया कि जामताड़ा जिले के नारायणपुर और कर्माटांड़ थाना क्षेत्रों से सक्रिय साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल कर पूरे देश में स्टेट बैंक के योनो एसबीआई ऐप के उपयोगकर्ताओं को निशाना बना रहे थे।

एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित बैंक को भी इसकी जानकारी दी जाएगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, व्हाट्सएप लिंक या ऐप के जरिए भेजी गई फाइल को न खोलें। ऐसा करने से बैंक खाते से रकम उड़ाई जा सकती है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,953
Messages
15,990
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top