राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ बैठक रही सफल, भारत के महासागर विजन के लिए सेशेल्स अहम: पीएम मोदी

Seychelles President India Visit and PM Modi Meeting


नई दिल्ली, 9 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने सोमवार को अहम बैठक की। पीएम मोदी ने इस बैठक को द्विपक्षीय संबंधों के लिए काफी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सेशेल्स को भारत के 'महासागर विजन' का अहम हिस्सा करार दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरों के साथ लिखा- "सुबह सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ एक सफल बैठक संपन्न हुई। उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब सेशेल्स अपनी आजादी का 50वां साल और भारत-सेशेल्स संबंधों की 50वीं सालगिरह मना रहा है। हमारे देश इतिहास और भविष्य के लिए एक साझा विजन से जुड़े हुए हैं। एक समुद्री पड़ोसी और भरोसेमंद पार्टनर के तौर पर, सेशेल्स भारत के महासागर विजन का एक अहम हिस्सा है।"

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण दायरे को समाहित करते हुए व्यापक और सार्थक चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने अक्टूबर 2025 में सम्पन्न चुनावों में सफलता के लिए राष्ट्रपति हर्मिनी को बधाई दी।

दोनों नेताओं ने यह भी स्वीकार किया कि सेशेल्स–भारत संबंध जन-केंद्रित हैं और पश्चिमी हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा एवं स्थिरता को सुदृढ़ करते हैं। नेताओं ने भारत के विजन महासागर में सेशेल्स की भूमिका को एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में भी पुनः रेखांकित किया।

राष्ट्रपति हर्मिनी ने सेशेल्स तथा क्षेत्र के लिए एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में भारत की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने सेशेल्स के विकास एजेंडा की प्राप्ति में भारत द्वारा दी गई दीर्घकालिक सहायता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

नेताओं ने सेशेल्स और भारत के बीच नियमित उच्च-स्तरीय राजनीतिक बैठकों, दौरों तथा परामर्शों के महत्व को स्वीकार किया। दोनों देशों के बीच जन-केंद्रित विकास साझेदारी का विस्तार और उसे और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निकट सहयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करते हुए, भारत ने 175 मिलियन अमरीकी डॉलर के एक ‘विशेष आर्थिक पैकेज’ की भी घोषणा की।

जो आवास, स्वास्थ्य, रक्षा, ई-मोबिलिटी और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएगा। दोनों ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि भारत-सेशेल्स संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top