बिहार : नवादा में डीएम-एसपी की टास्क फोर्स बैठक, शराब तस्करी रोकने के लिए सघन अभियान और छापेमारी के निर्देश

बिहार : नवादा में डीएम-एसपी की टास्क फोर्स बैठक, शराब तस्करी रोकने के लिए सघन अभियान और छापेमारी के निर्देश


नवादा, 9 फरवरी। नवादा में जिलाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। यह बैठक नवादा जिले में विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, अवैध खनन और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन समीक्षा के लिए थी।

बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था बनाए रखने, होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए कई ठोस निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मद्य निषेध के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि मार्च के प्रथम सप्ताह में होली का त्योहार मनाया जाएगा, जिस दौरान शराब की तस्करी और अवैध उत्पादन में वृद्धि की संभावना रहती है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी हॉटस्पॉट क्षेत्रों, पूर्व से चिन्हित शराब निर्माण केंद्रों और संदिग्ध स्थलों पर सघन अभियान चलाया जाए। पुलिस थानों में चौकीदारी परेड कराकर चौकीदारों से शराब निर्माण-बिक्री स्थलों की सूचना एकत्र की जाए और प्राप्त जानकारी के आधार पर तत्काल छापेमारी की जाए। बॉर्डर चेक पोस्ट और वैकल्पिक मार्गों पर मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए सघन निगरानी और अभियान चलाने का आदेश दिया गया। आवश्यकता पड़ने पर नए चेक पोस्ट स्थापित करने और अतिरिक्त बल तैनात करने का निर्देश पुलिस एवं उत्पाद विभाग को दिया गया।

बैठक में लंबित 18,531 लीटर शराब को नष्ट करने में देरी पर जिलाधिकारी ने गहरी चिंता जताई और इसे शीघ्र नष्ट करने का सख्त निर्देश दिया। इसी प्रकार, नीलामी के लिए लंबित 455 वाहनों की नीलामी प्रक्रिया को तेज करने का आदेश उत्पाद अधीक्षक को दिया गया।

जिला खनन पदाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान 1,327 छापेमारी, 209 प्राथमिकी, 62 गिरफ्तारियां, 401 वाहन जब्त और 550.53 लाख रुपए की वसूली की गई। ईंट भट्ठों के संबंध में बताया गया कि जिले में कुल 231 ईंट भट्ठे हैं, जिनमें से 101 ने पूर्ण भुगतान किया है और कुल 117.11 लाख रुपए की राशि वसूल की गई है। जिलाधिकारी ने अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर सतत और प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन की रोकथाम से न केवल राजस्व की रक्षा होगी, बल्कि जिले में विधि-व्यवस्था भी मजबूत होगी।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर एवं रजौली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
5,373
Messages
5,405
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top