गया में BDO राकेश कुमार को रंगेहाथ पकड़ा, मजदूरी भुगतान के लिए ले रहे थे 50 हजार की रिश्वत

बिहार: गयाजी के नगर प्रखंड विकास पदाधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार


गयाजी, 9 फरवरी। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सोमवार को गयाजी जिला के नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी नगर प्रखंड कार्यालय के प्रखंड प्रमुख के कक्ष से की गई।

ब्यूरो के एक अधिकारी ने बताया कि चाकंद थाना क्षेत्र के गन्नू विगहा गांव के रहने वाले चंदभूषण कुमार की पत्नी सुचिता रंजनी ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा कराए गए कार्य पूर्ण होने के बाद मजदूरी (लेबर) मद की राशि 3.50 लाख रुपए का भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया और सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण प्राप्त हुआ। प्रथम दृष्ट्या आरोप सही पाए जाने के बाद ब्यूरो ने पुलिस उपाधीक्षक सत्येंद्र राम के नेतृत्व में एक धावा दल का गठन किया।

धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए सोमवार को नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए नगर प्रखंड कार्यालय, गयाजी स्थित प्रखंड प्रमुख के कक्ष से गिरफ्तार किया गया।

आरोपी से पूछताछ के बाद विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। इस मामले की प्राथमिकी निगरानी थाना में दर्ज की गई है।

बता दें कि बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो भ्रष्टाचार को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है। इस वर्ष भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी थाना में यह 16वां मामला दर्ज किया गया है, जिसमें अब तक 11 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में अब तक सात लाख 15 हजार से ज्यादा की राशि बरामद की गई है। --आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच
 

Forum statistics

Threads
5,378
Messages
5,410
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top