दिल्ली के नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी बने अशोक कुमार, चुनाव आयोग ने सौंपी अहम जिम्मेदारी, संभालेंगे चुनावी कमान

अशोक कुमार दिल्ली के नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त


नई दिल्ली, 9 फरवरी। निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने 2006 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक कुमार को दिल्ली का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वह आर. एलिस वाज का स्थान लेंगे। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव राहुल शर्मा ने सोमवार को एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा को अशोक कुमार की नियुक्ति की सूचना दी।

गौरतलब है कि जनवरी में निर्वाचन आयोग ने दिल्ली सरकार से मुख्य निर्वाचन अधिकारी के चयन के लिए तीन आईएएस अधिकारियों के नामों का पैनल भेजने को कहा था। रेखा गुप्ता सरकार द्वारा भेजे गए तीन नामों में अशोक कुमार भी शामिल थे।

मुख्य सचिव को भेजे गए निर्वाचन आयोग के ताजा पत्र में कहा गया है कि “अशोक कुमार को पदभार ग्रहण करने से पहले या उसके साथ ही दिल्ली सरकार के अधीन उनके पास मौजूद सभी कार्यभार तत्काल प्रभाव से छोड़ने और सौंपने होंगे।”

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए अशोक कुमार दिल्ली सरकार के अधीन कोई अतिरिक्त प्रभार नहीं संभालेंगे। हालांकि, उन्हें राज्य सचिवालय में निर्वाचन विभाग के प्रभारी सचिव के रूप में नामित किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है, “जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 13ए की उपधारा (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए और दिल्ली सरकार से परामर्श के बाद, भारत निर्वाचन आयोग अशोक कुमार, आईएएस (एजीएमयूटी: 2006) को आर. एलिस वाज के स्थान पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली का मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करता है। यह नियुक्ति उनके द्वारा पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।”

निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव से इस अधिसूचना को दिल्ली राजपत्र में पुनः प्रकाशित करने को भी कहा है।

इसके साथ ही दिल्ली सरकार को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि अशोक कुमार तत्काल प्रभाव से दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कार्यभार संभालें।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,949
Messages
15,986
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top