ग्रेटर नोएडा में 25 फरवरी को बंपर रोजगार मेला, 2000 से अधिक पदों पर प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी भर्ती

गौतमबुद्ध नगर में 25 फरवरी को कई प्रतिष्ठित कंपनियां देंगी रोजगार, 2000 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती


ग्रेटर नोएडा, 9 फरवरी। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद गौतम बुद्ध नगर में बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 25 फरवरी को रोजगार महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

यह रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन, विश्वेश्वरैया कैंपस, न्यू नोएडा जीटी रोड, दादरी में आयोजित होगा। रोजगार महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रोजगार मेले का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार तहसील, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी इस अवसर से वंचित न रह जाए।

उन्होंने कहा कि जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, लीड बैंक, कौशल विकास मिशन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं उद्यमी संगठनों को युवाओं को रोजगार मेले में प्रतिभाग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, अग्निशमन दल और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। सेवायोजन विभाग को हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन काउंटर तथा क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने को कहा गया।

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि इस रोजगार महोत्सव में 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जो 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। मेले में लगभग 5000 से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। आठवीं पास से लेकर स्नातकोत्तर तक के अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं।

अभ्यर्थी पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। सीडीओ डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रोजगार महोत्सव-2026 उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
5,366
Messages
5,398
Members
18
Latest member
neodermatologist
Back
Top