नोएडा में दिल दहला देने वाला हादसा: ऑटो पलटने से ब्लिंकिट डिलीवरी ब्वॉय की मौत, कार चालक हिरासत में

दर्दनाक सड़क हादसा : डिलीवरी ब्वाय की मौत, चालक हिरासत में


नोएडा, 9 फरवरी। नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-62 स्थित कैलाश हेल्थ विलेज के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ब्लिंकिट कंपनी में कार्यरत एक डिलीवरी ब्वॉय की मौत हो गई।

हादसा उस समय हुआ जब एक कार चालक वाहन को पीछे कर रहा था और उसी दौरान सामने से आ रहे ऑटो ने कार से बचने का प्रयास किया। इस प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और सामने से आ रही इलेक्ट्रिक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान गुलाम (26 वर्ष) निवासी सरस्वती विहार, खोड़ा के रूप में हुई है। गुलाम ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर कार्यरत था और घटना के समय वह स्कूटी से सामान लेकर डिलीवरी के लिए निकला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-62 के पास कार संख्या यूपी 16 सीआर 8817 का चालक वाहन को बैक कर रहा था। उसी समय विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो संख्या डीएल 1एचसी आर 2553 के चालक ने कार से टकराने से बचने का प्रयास किया, जिससे ऑटो असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया।

पलटा हुआ ऑटो सीधे गुलाम की इलेक्ट्रिक स्कूटी से जा टकराया। टक्कर के बाद गुलाम सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर और गले में गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी हालत नाजुक हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है और कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ऑटो वाहन और उसके चालक को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top