मुंबई: नकली राशन कार्ड गैंग का भंडाफोड़, 350 फर्जी कार्ड के साथ एक गिरफ्तार

मुंबई: नकली राशन कार्ड गैंग का भंडाफोड़, 350 फर्जी कार्ड के साथ एक गिरफ्तार


मुंबई, 9 फरवरी। मुंबई पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दिंडोशी पुलिस ने नकली राशन कार्ड बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 350 नकली राशन कार्ड समेत बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजल दयाल (21) के रूप में हुई है, जो विरार इलाके में रहता है। दिंडोशी पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को उपलब्ध करा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने 350 नकली राशन कार्ड बरामद किए, जो देखने में बिल्कुल असली जैसे थे। इनका इस्तेमाल पहचान पत्र और विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किया जा सकता था। इसके अलावा पुलिस ने मौके से प्रिंटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।

दिंडोशी पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए राशन कार्डों पर वसई, विरार, मीरा-भायंदर, नालासोपारा, दहिसर, बोरीवली, मलाड और कांदिवली जैसे इलाकों के पते दर्ज हैं। इससे अंदेशा है कि यह नेटवर्क काफी बड़े स्तर पर काम कर रहा था।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पिता पहले नकली राशन कार्ड बनाने का काम करते थे। पिता की मृत्यु के बाद उसने इस धंधे को संभाल लिया और धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाता गया। पुलिस को शक है कि बड़ी संख्या में विदेशी घुसपैठियों, विशेष रूप से अवैध रूप से रह रहे लोगों ने पहचान स्थापित करने के लिए आरोपी से फर्जी राशन कार्ड बनवाए हैं।

मामला दर्ज करने के बाद दिंडोशी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 12 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुजल को नकली राशन कार्ड बनाने के ऑर्डर कौन देता था, उसने अब तक कितने कार्ड तैयार किए, और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top